भारतीय जनता पार्टी ने पिछले एक वर्ष में मोदी सरकार द्वारा किए गए घोषणाओं और उठाए गए विभिन्न कदमों को देश के अलग अलग हिस्सों में जनता तक पहुंचाने की योजना बनाई है। भाजपा मुख्यालय ने अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रभारियों को मोदी सरकार के एक वर्ष पूरा करने पर लोगों तक अलग अलग माध्यमों से पहुंचने के लिए पत्र लिखा है। पार्टी कैसे लोगों तक पहुंच सकती है इसके लिए दिल्ली स्थित मुख्यालय से निर्देश भी जारी किए गए हैं।

30 मई को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने वाला है। ऐसे में भाजपा मोदी का संदेश और मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों को आम जन मानस तक पहुंचाने की योजना बना रही है। देश भर में लॉक डाउन 4.0 की वजह से भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं से डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचने के निर्देश जारी किए हैं। भाजपा के मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने तमाम प्रदेश अध्यक्षों , प्रभारियों एवं महामंत्रियों को इसकी सूचना दी है।

क्या है भाजपा की रणनीति ?

भाजपा लॉक डाउन 4.0 में मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष पूरा करने पर देश की जनता से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न माध्यमों और तरीकों से संपर्क साधेगी। 30 मई को मोदी सरकार का एक वर्ष पूरा होना है, ऐसे में 27,28 और 29 मई को भाजपा माइक्रो लेवल पर लोगों से संपर्क साधेगी। और प्रधानमंत्री के संदेश को माइक्रो लेवल तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।

डिजिटल संपर्क और वर्चुअल संवाद हैं मुख्य बिंदु

भाजपा लोगों से संपर्क करने की योजना बना रही है। भाजपा चाहती है कि वो सरकार के एक वर्षीय कार्यकाल में किए गए कामों को जनता तक लेकर जाए। इसके लिए भाजपा मुख्यालय से भाजपा की तमाम प्रदेश इकाइयों को जारी किए गए निर्देश में माइक्रो लेवल मैनेजमेंट की बात है। साथ ही ज़्यादा से ज़्यादा लोगों से संपर्क साधने के लिए डिजिटल संपर्क और वर्चुअल संवाद करने की योजना है।