नई दिल्ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी की बुधवार शाम हार्ट अटैक से मौत हो गई। निधन से ठीक पहले वे शाम पांच बजे एक निजी चैनल की डिबेट में शामिल हुए थे। इस live debate में वे अपने घर से ही जुड़े थे। उनकी पत्नी पास के कमरे में टीवी पर डिबेट देख रही थी। राजीव त्यागी को बार-बार अपने सीने पर हाथ रखता देख कर उन्हें फिक्र हुई थी। मगर वे कुछ कर पाती इससे पहले राजीव त्यागी कुर्सी पर से गिर पड़े। कार्डियक अरेस्ट इतना प्रबल था कि उन्हें अस्पताल ले जाकर इलाज करवाने का समय भी नहीं मिला। 



मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजीव त्यागी बंद कमरे से live debate में शामिल होते थे। बुधवार शाम भी वे उसी कमरे में थे। पास के कमरे में उनकी पत्नी संगीता त्यागी और बेटा धनंजय टीवी पर बहस देख रहे थे।राजीव बार बार सीने पर हाथ रख रहे थे।  इस दौरान  उन्हें असहज और बार-बार पानी पीता देख पत्नी संगीता को चिंता हुई थी। बहस ख़त्म होते ही  जब वे राजीव के कमरे में गईं तो उन्होंने कहा था कि वे असहज महसूस कर रहे हैं। इसके बाद राजीव कुर्सी से गिर गए। तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया। डॉक्टर ने उन्हें सीपीआर दिया और अस्पताल ले जाने को कहा। राजीव को तुरंत कौशांबी के यशोदा अस्पताल ले जाया गया। मगर रास्ते में ही उनका निधन हो गया था। 





 



कांग्रेस के तर्कवान प्रवक्ता माने जाने वाले राजीव त्यागी के निधन की खबर से समूची कांग्रेस में शोक की लहर है। बीजेपी नेता, पत्रकार और अन्य दलों के नेता भी उनके स्वभाव और व्यक्तित्व को याद कर उनके निधन को अपूरणीय क्षति बता रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस ने अपना एक बब्बर शेर खो दिया है। राजीव त्यागी के कांग्रेस प्रेम व संघर्ष की प्रेरणा हमेशा याद रहेंगे।