नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोन्स ने अपने एक साक्षात्कार में भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी और चेन्नई सुपरकिंग्स के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को कोबरा बताया है। डीन जोन्स ने खेल के मैदान पर धोनी की रणनीति की तुलना कोबरा से की है। जोन्स का मानना है कि विकेट के पीछे धोनी का रवैया ठीक कोबरा के जैसा है। धोनी हमेशा सामने वाले की गलती का इंतज़ार करते हैं और गलती करते ही कोबरा की तरह ही दबोच लेते हैं। 

आगामी आईपीएल सीज़न में सबकी नज़रें अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके महेंद्र सिंह धोनी पर होंगी। कोरोना जैसी विषम परिस्थितियों के बीच धोनी अपनी टीम की अगुवाई कैसे करते हैं यह काफी दिलचस्प होगा। डीन जोन्स का कहना है कि कोरोना के दौरान धोनी युवाओं को अनुशासित रहने के लिए प्रेरित कर रहे होंगे।  

जोन्स का कहना है कि धोनी की कप्तानी में ही भारतीय टीम ने आईसीसी की सभी ट्रॉफियां अपने नाम की। डीन जोन्स ने कहा है कि 'मैं धोनी को भारतीय क्रिकेट टीम के ऑल टाइम पांच क्रिकेटरों में जगह दूंगा।  

धोनी पिछले 14 महीनों से क्रिकेट के मैदान पर नहीं उतरे हैं। धोनी ने पिछले महीने ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है। ऐसे में फैंस को धोनी का बेसब्री से इंतज़ार है। धोनी 19 सितंबर को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाले मैच में दिखेंगे।