इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज, नॉटिंघम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच को उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंतिम मुकाबला घोषित किया है। चौथे दिन के खेल की शुरुआत से पहले स्टोक्स ने अपने साथियों को इस फैसले की जानकारी दी। जिसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने आधिकारिक पुष्टि की।
स्टोक्स के संन्यास की घोषणा के बाद ईसीबी चेयरमैन रिचार्ड थॉम्पसन ने उन्हें इंग्लैंड के महानतम क्रिकेटरों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि स्टोक्स ने अपने पूरे करियर में दबाव भरे मौकों पर असाधारण प्रदर्शन किया और कई ऐसे यादगार पल दिए जिन्हें क्रिकेट प्रशंसक लंबे समय तक याद रखेंगे।
थॉम्पसन ने कहा कि 2019 और 2022 विश्व कप जीत में स्टोक्स का योगदान, हेडिंग्ले में उनकी ऐतिहासिक पारी और निडर अंदाज में टेस्ट टीम की कप्तानी उनके शानदार करियर की पहचान रहे हैं। उनके अनुसार, स्टोक्स ने इंग्लिश क्रिकेट को कई अविस्मरणीय क्षण दिए और हमेशा बड़े मुकाबलों में टीम के लिए आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई।
बेन स्टोक्स ने साल 2022 में इंग्लैंड की टेस्ट टीम की कप्तानी संभाली थी। उनकी आक्रामक रणनीति और सकारात्मक क्रिकेट को लेकर काफी चर्चा हुई। हालांकि, उनकी कप्तानी में इंग्लैंड विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक नहीं पहुंच सका था लेकिन टीम की खेलने की शैली में बड़ा बदलाव देखने को मिला।
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में स्टोक्स ने इंग्लैंड के लिए 122 टेस्ट मैच खेले। जिनमें उन्होंने कुल 7,243 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 14 शतक और 37 अर्धशतक लगाए। जबकि, गेंदबाजी में 252 विकेट अपने नाम किए। वनडे क्रिकेट में उन्होंने 114 मैचों में 3,463 रन बनाए। जिसमें पांच शतक और 24 अर्धशतक शामिल रहे। इसके अलावा उन्होंने 74 विकेट भी हासिल किए। टी20 अंतरराष्ट्रीय में स्टोक्स ने 43 मुकाबले खेलकर 585 रन बनाए और 36 विकेट लेकर बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया।