भोपाल। कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के खिलाफ वादे करके सत्ता में आई मोदी सरकार की नीतियों का खामियाजा गरीब और मध्यम वर्ग को भुगतना पड़ रहा है। रसोई से लेकर रोजमर्रा के इस्तेमाल की चीजों तक लगातार बढ़ते दामों ने आम लोगों का बजट बिगाड़ दिया है।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि दूध, चावल, आटा, दाल, खाद्य तेल, प्याज, आलू, टमाटर, चीनी और घी जैसी जरूरी चीजों के दाम आसमान छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमूल और मदर डेयरी ने भी एक बार फिर दूध के दाम बढ़ा दिए हैं।
कांग्रेस नेता ने घरेलू उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि दीपावली के बाद से हिंदुस्तान यूनिलीवर जैसे बड़े ब्रांड्स ने डिटर्जेंट और होम केयर उत्पादों के दाम 11 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। सर्फ एक्सेल, रिन, व्हील और मोती गुलाब साबुन जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के उत्पाद भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं।
उन्होंने सरकार के चीनी उत्पादन और उपलब्ध स्टॉक से जुड़े दावों पर भी सवाल उठाए। जयराम रमेश ने कहा कि सरकार का दावा है कि देश में चीनी का उत्पादन चार गुना तक बढ़ गया है और 36 लाख टन पुराना स्टॉक भी मौजूद है। दालों को लेकर भी इसी तरह के दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि अगर पर्याप्त उत्पादन और स्टॉक मौजूद है तो आम जनता को महंगाई से राहत क्यों नहीं मिल रही?
जयराम रमेश ने पेट्रोल में E20 की मिलावट का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या देश को बढ़ती महंगाई और मिलावटी पेट्रोल की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है? उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि आखिर कब तक सरकारी दावों के पीछे छिपकर आम लोगों की जेब पर बोझ डाला जाता रहेगा। कांग्रेस नेता ने मांग की कि सरकार महंगाई पर प्रभावी अंकुश लगाए। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए लिखा कि आपने पहले कहा था- सब चंगा सी, अब तो- सब महंगी सी।