नई दिल्ली। त्योहारी सीजन अभी खत्म भी नहीं हुआ इससे पहले आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी सप्लायर कंपनी मदर डेयरी (Mother Dairy) ने एक बार फिर दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। मदर डेयरी ने अपने दूध के सभी वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपए से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। कंपनी के अनुसार, नई बढ़ी हुई दरें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू हो जाएंगी।
कंपनी ने दूध की खरीद लागत बढ़ने के कारण कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला लिया है। दिल्ली-NCR में कंपनी के टोंड, फुल क्रीम, डबल टोंड और गाय के दूध समेत सभी प्रमुख वैरिएंट के दाम बढ़ाए गए हैं। कंपनी ने पिछली बार 14 मई 2026 को दूध की कीमतें बढ़ाई थीं। इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में बदलाव किया गया था।
कंपनी से जुड़े सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बताया कि किसानों से दूध खरीदने की लागत काफी बढ़ गई है। दूध की खरीद और बाकी खर्चों में आई इस तेजी के चलते कंपनी पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। इसी लागत का थोड़ा-सा बोझ ग्राहकों पर डालते हुए दूध की खुदरा कीमतें बढ़ाना कंपनी की मजबूरी बन गया था।
मदर डेयरी को 1974 में शुरू किया गया था। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की सब्सिडियरी कंपनी के रूप में काम करती है। मदर डेयरी अपने दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का 75-80% हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-NCR बाजार में अपने आउटलेट्स, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना लगभग 35 लाख लीटर दूध बेचती है। इसकी कुल डेली दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है।