जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों की तैनाती वाले इलाके में बुधवार दोपहर आतंकियों ने गोलीबारी कर दी। मीर बाजार के पास स्थित अखरान CRPF कैंप में नाका ड्यूटी कर रहे जवानों को बाइक सवार हमलावरों ने निशाना बनाया। अचानक हुई फायरिंग में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल जवानों को उपचार के लिए अनंतनाग जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, हमला दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ था। मोटरसाइकिल पर आए अज्ञात हमलावरों ने नाके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर कई गोलियां चलाई और इसके बाद वहां से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने मोर्चा संभाल लिया।

यह भी पढ़ें:दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, ATS ने UP से पकड़ा

वारदात के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि फरार हमलावरों का पता लगाया जा सके।

कुलगाम दक्षिण कश्मीर के उन संवेदनशील जिलों में शामिल है जहां पहले भी आतंकी गतिविधियां सामने आती रही हैं। यह श्रीनगर से लगभग 70 से 75 किलोमीटर दूर स्थित है। कुलगाम के अलावा अनंतनाग और शोपियां के आसपास के इलाके भी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बने हुए हैं।

यह भी पढ़ें:BJP नेता निकला दरभंगा चांदी लूटकांड का मास्टरमाइंड, नगर महामंत्री विशाल कुमार समेत 5 गिरफ्तार

इस हमले से चार दिन पहले जम्मू कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर में आतंकियों की मदद करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों एक ऐसे मॉड्यूल से जुड़े थे जो महिलाओं को निशाना बनाकर अलगाववादी विचारधारा और उसके प्रचार को बढ़ावा देने की गतिविधियों में शामिल था।  फिलहाल कुलगाम में हुए हमले के पीछे शामिल लोगों की तलाश जारी है। सुरक्षाबल इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रहे हैं।