भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विमेंस एशिया कप का खिताब 8वीं बार अपने नाम कर लिया है। दुबई में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 72 रन से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारतीय पारी की सबसे बड़ी खासियत ओपनिंग जोड़ी रही। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। शेफाली ने 68 रन की पारी खेली। जबकि, स्मृति मंधाना ने 59 रन बनाए थे। दोनों की साझेदारी ने फाइनल में भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी थी।

शेफाली ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दौरान महज 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। इसके साथ ही उन्होंने विमेंस एशिया कप के इतिहास में सबसे तेज फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी। पूरी टीम 20 ओवर का खेल खत्म होने तक 111 रन ही बना सकी और उसके सभी विकेट गिर गए। भारत की ओर से श्री चरणी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए। जबकि,  दीप्ति शर्मा ने 3 विकेट लेकर श्रीलंकाई बल्लेबाजी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।