आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम की खिलाड़ियों ने शनिवार सुबह भस्म आरती में हिस्सा लिया और आगामी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन की कामना करते हुए विशेष पूजा अर्चना की। कई खिलाड़ी अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंचे थे।

टी20 विश्व कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम शुक्रवार शाम दो अलग-अलग फ्लाइट से इंदौर पहुंची थी। इसके बाद शनिवार तड़के टीम उज्जैन रवाना हुई। वहां खिलाड़ियों ने मंदिर की पारंपरिक भस्म आरती में भाग लिया। मंदिर समिति की ओर से खिलाड़ियों का स्वागत भी किया गया। मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ की सहसचिव और पूर्व क्रिकेटर अरुंधति किरकिरे ने बताया कि टीम की कई प्रमुख खिलाड़ी दर्शन के लिए पहुंचे थे। इनमें शेफाली वर्मा, रेनुका सिंह, श्रेयांका पाटिल, दिप्ती शर्मा और अरुंधती रेड्डी शामिल थी।

यह भी पढ़ें:इंदौर स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया

टीम की विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने मंदिर में दर्शन के बाद कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने बताया कि वह पिछले महीने भी यहां आई थी और भस्म आरती का अनुभव बेहद सुकून देने वाला रहा था। यास्तिका के मुताबिक, पूरी टीम ने मिलकर फैसला किया था कि विश्व कप से पहले बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेना जरूरी है ताकि खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत होकर मैदान में उतर सकें।

महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 12 जून से इंग्लैंड में होने जा रही है। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद टीम का सामना 17 जून को नीदरलैंड, 21 जून को साउथ अफ्रीका, 25 जून को बांग्लादेश और 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से होगा। ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ मुकाबले को भारत के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें:MP में गर्मी का कहर, भोपाल में पिघला सड़क का डामर, 37 जिलों में लू का अलर्ट

भारतीय महिला टीम अब तक टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम नहीं कर सकी है। हालांकि, हाल के सालों में टीम ने कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं। इसी साल भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में टी20 सीरीज में हराकर बड़ा संदेश दिया था। वहीं, अप्रैल 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-4 से मिली हार ने टीम की कमजोरियों को भी उजागर किया था। इससे पहले 2024 टी20 विश्व कप में भारतीय टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई थी। ऐसे में इस बार टीम इंडिया नए आत्मविश्वास और मजबूत तैयारी के साथ मैदान में उतरने की कोशिश करेगी।