MP में गर्मी का कहर, भोपाल में पिघला सड़क का डामर, 37 जिलों में लू का अलर्ट

मध्य प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। 37 जिलों में हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है। खंडवा में तापमान 45.1 डिग्री पहुंच गया। जबकि, भोपाल में सड़क का डामर पिघल गया।

Updated: May 16, 2026, 11:10 AM IST

मध्य प्रदेश में मई की गर्मी अब जानलेवा रूप लेने लगी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 12 शहरों का पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था। खंडवा सबसे गर्म शहर रहा जहां तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में तेज गर्मी के कारण सड़कों का डामर तक पिघलने लगा था। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 37 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। जबकि, इंदौर, उज्जैन और मंडला में वॉर्म नाइट की चेतावनी दी गई है।

मौसम केंद्र के अनुसार, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार और देवास में तीव्र लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, सीहोर, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, झाबुआ, आलीराजपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सागर, दमोह और मंडला समेत कई जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि इंदौर, उज्जैन और मंडला में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी लोगों को परेशान करेगी।

दूसरी ओर जबलपुर, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और बैतूल जैसे जिलों में तेज गर्मी तो रहेगी, लेकिन फिलहाल लू का अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार शाम प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया। कटनी में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि हुई। जबकि, उमरिया में तेज हवाओं और बारिश से खरीदी केंद्रों में रखा गेहूं भीग गया। सागर, दमोह, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, शहडोल, अशोकनगर, गुना, शिवपुरी, विदिशा, डिंडौरी, रायसेन और पन्ना में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला।

तापमान की बात करें तो शाजापुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खरगोन में 44.2 डिग्री और रतलाम व नौगांव में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। बड़े शहरों में भोपाल का तापमान 42.8 डिग्री, उज्जैन का 42.5 डिग्री, इंदौर और जबलपुर का 41.8 डिग्री तथा ग्वालियर का 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में तेज गर्मी और लू का असर बना रहेगा। जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है।

प्रदेश में मई के महीने में मौसम लगातार बदलता रहा है। 30 अप्रैल से शुरू हुआ आंधी और बारिश का सिलसिला 10 मई तक जारी रहा। इस दौरान वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, चक्रवातीय सिस्टम और ट्रफ लाइन के प्रभाव से कई जिलों में बारिश हुई। 11 मई के बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ हुआ लेकिन 12 से 15 मई के बीच फिर कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। इस तरह मई के 15 दिनों में से 13 दिन प्रदेश में मौसम का असर बना रहा।

बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। लोगों से पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और लंबे समय तक धूप में न रहने की अपील की गई है। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।