फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का जोरदार भूकंप, 1 की मौत, सुनामी की चेतावनी

फिलीपींस के मिंडानाओ क्षेत्र में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। जिससे व्यापक नुकसान हुआ और एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Updated: Jun 08, 2026, 10:58 AM IST

फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान और गुआम के कुछ तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी और एडवाइजरी जारी की गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस आपदा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। जबकि, कई इमारतों और मकानों को नुकसान पहुंचा है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप पर स्थित जनरल सैंटोस शहर से लगभग 13 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था। भूकंप की गहराई को लेकर अलग-अलग एजेंसियों ने भिन्न आंकड़े जारी किए हैं। फिलीपींस के भूकंप संस्थान ने इसकी गहराई 10 किलोमीटर बताई। जबकि, USGS ने इसे 55 किलोमीटर दर्ज किया।

भूकंप के बाद पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने चेतावनी दी कि फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में समुद्री लहरें 3 मीटर तक ऊंची हो सकती हैं। वहीं, इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ समुद्री तटों पर लगभग 1 मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। इसके चलते कई क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

जनरल सैंटोस सिटी में भूकंप के झटके बेहद तीव्र महसूस किए गए। स्थानीय पुलिस अधिकारी मास्टर सार्जेंट रॉबर्ट डैगन ने बताया कि कई भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं और राहत-बचाव दल लगातार स्थिति का आकलन कर रहे हैं। शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। तेज झटकों के कारण लोग अपने घरों, दफ्तरों और अन्य इमारतों से बाहर निकलकर खुली जगहों में पहुंच गए थे।

स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी तस्वीरों में दुकानों और अन्य व्यावसायिक इमारतों को हुए नुकसान की झलक दिखाई गई है। सरंगानी प्रांत के अलाबेल कस्बे के पुलिस प्रमुख बेंजी एंचेटा ने बताया कि पुलिस स्टेशन की इमारत में भी दरारें पड़ गई हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके क्षेत्र में महसूस किया गया सबसे शक्तिशाली भूकंप था। कई लोग डर और घबराहट के कारण बेहोश भी हो गए थे।

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने घटना के तुरंत बाद सभी संबंधित सरकारी एजेंसियों को सक्रिय होने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षित निकासी, राहत सामग्री की व्यवस्था और बचाव अभियानों को प्राथमिकता देने को कहा।

भूकंप का असर फिलीपींस की सीमाओं से बाहर भी महसूस किया गया। इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी और उत्तर मलुकु क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए। जबकि, मनाडो शहर के निवासियों ने भी तेज कंपन की सूचना दी। इसके बाद इंडोनेशिया की मौसम एवं भूभौतिकी एजेंसी BMKG ने देश के उत्तर-पूर्वी तट के लिए सुनामी चेतावनी जारी कर दी।