नई दिल्ली। जैसे जैसे आईपीएल के मुकाबले आगे बढ़ रहे हैं। वैसे ही अंकतालिका में उठापटकी दिख रही है। आज शारजाह में मुंबई इंडियंस और हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाना है। जो टीम इस मुकाबले को जीतेगी, वो अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच सकती है। इस समय अंकतालिका में दिल्ली कैपिटल्स शीर्ष पर है।
मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने इस सीज़न में अब तक चार चार मुकाबले खेले हैं। दोनों ही टीमों ने इस सीज़न दो मुकाबलों में जीत दर्ज की है। तो वहीं दोनों ही टीमों को दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। अंकतालिका में इस समय मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर है।
मैदान पर मुकाबला रोचक नज़र आने के साथ साथ अंक तालिका में भी मुकाबला बड़ा दिलचस्प नज़र आ रहा है। शनिवार को खेले गए पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर राजस्थान रॉयल्स को हराने के बाद टॉप पर पहुंच गई थी। लेकिन दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने केकेआर को हरा दिया। और अंक तालिका में दिल्ली की टीम टॉप पर काबिज़ हो गई। तो वहीं दूसरी तरफ आज मुंबई और हैदराबाद के मुकाबले में जीतने वाली टीम के पास शीर्ष पर पहुंचने का मौका है।
मैच से पहले मुंबई की स्थिति हैदराबाद के मुकाबले मजबूत नज़र आ रही है। गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस की टीम काफी संतुलित नज़र आ रही है। कप्तान रोहित शर्मा, ऑलराउंडर किरन पोलार्ड की मौजूदगी से मुंबई की टीम की स्थिति अभी बेहतर है। वहीं भुवनेश्वर कुमार के चोटिल हो जाने की वजह से हैदराबाद की टीम को बड़ा झटका लगा है।