नई दिल्ली। TATA WPL Mega Auction 2025 की शुरुआत गुरुवार शाम नई दिल्ली में हुई। इसकी शुरुआत के साथ ही एक के बाद एक सभी टीमों ने खिलाड़ियों पर बोलियां लगानी शुरू कर दी। सबसे पहले जिस बात ने ध्यान खींचा वह था इस ऑक्शन में मध्य प्रदेश की मजबूत मौजूदगी। इस बार MP की कुल 12 महिला क्रिकेटर नीलामी सूची में हैं। इसमें इंदौर, भोपाल, शहडोल, ग्वालियर और छतरपुर जैसे जिलों से चुनी गईं ये खिलाड़ी करोड़ों की उम्मीद लिए मैदान में उतरी हैं। हर नाम अपने साथ एक कहानी, एक उम्मीद और एक नई संभावना लेकर खड़ा दिखा।

सबसे ज्यादा चर्चा छतरपुर की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ की रही। वर्ल्ड कप 2025 की चैंपियन टीम का हिस्सा रही क्रांति का बेस प्राइस 50 लाख तय हुआ और उनके पिछले प्रदर्शन ने उन्हें नीलामी का सबसे हॉट नाम बना दिया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से ज्यादा मुकाबले खेलने के बाद फ्रेंचाइज़ियों का फोकस उन्हीं पर टिकना तय था।

शहडोल की संस्कृति गुप्ता भी सुर्खियों में रहीं। मुंबई इंडियंस के पिछले सीजन का हिस्सा रहीं यह ऑफ स्पिनर-ऑलराउंडर लगातार धारदार प्रदर्शन के चलते इस बार चर्चा के केंद्र में हैं। उनके साथ ही शहडोल की ही तेज गेंदबाज पूजा वस्त्रकार भारतीय महिला टीम की अहम सदस्य होने के कारण पहली पसंदों में दिखाई दीं।

भोपाल की कप्तान राहिला फिरदौस का विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में लगातार घरेलू स्तर पर शानदार प्रदर्शन उन्हें नीलामी की मजबूत दावेदार बनाता है। इसी शहर की निकिता सिंह, जिन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेकर खुद को साबित किया था, इस बार बोली युद्ध की संभावित केंद्र रहीं। वहीं, सौम्या तिवारी जिन्होंने जूनियर वर्ल्ड कप फाइनल में विजयी रन बनाए थे, भविष्य की स्टार मानी जा रही हैं।

इंदौर की अनादी तागड़े जो इंडिया A की जूनियर टीम में स्टैंडबाय रह चुकी हैं, अपनी रफ्तार और निरंतर सुधार के चलते फ्रेंचाइज़ियों को आकर्षित कर रही हैं। इसी शहर की अनुभवी खिलाड़ी आयुषी शुक्ला जिन्हें उनकी सटीक लाइन-लेंथ और दमदार हिटिंग के लिए जाना जाता है, नीलामी के बीच एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरीं। प्रियंका कौशल भी लंबे समय से घरेलू क्रिकेट में अपना असर दिखाती आ रही हैं और बताए जा रहे संकेतों के हिसाब से टीमों को वे एक उपयोगी ऑलराउंड विकल्प लगी हैं।

जबलपुर की शुचि उपाध्याय जिनकी लेफ्ट आर्म स्पिन ने कई घरेलू टूर्नामेंटों में मैच पलटे, इस बार भी चर्चा में थीं। ग्वालियर की ओपनर अनुष्का शर्मा, जो पावरप्ले में तेज शुरुआत के लिए मशहूर हैं और उनकी शहर की ही खिलाड़ी वैष्णवी शर्मा जिन्होंने जूनियर लेवल पर अपने प्रदर्शन का मजबूत असर छोड़ा था। वह भी नीलामी सूची में जगह बनाने में सफल रहीं।

WPL 2025 में इस साल कुल 277 खिलाड़ी नीलामी पूल में शामिल हैं। जिसमें 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी हैं। टीमों के पास 73 स्लॉट हैं जिनमें 23 विदेशी खिलाड़ियों के लिए रिजर्व रखे गए हैं। खिलाड़ियों की लिस्ट में सोफी डिवाइन, एलिसा हीली, मेग लैनिंग, रेनुका सिंह, सोफी ऐक्लेस्टोन, अमेलिया केर, दीप्ति शर्मा और लौरा वोल्वार्ट जैसे बड़े नाम भी शामिल थे।