कोलंबो। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को क्रिकेट जगत के सबसे बड़े प्रतिद्वंदी यानी भारत और पाकिस्तान फिर मैदान पर उतरने जा रहे हैं। भारतीय और पाकिस्तान क्रिकेट टीम कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आमने सामने होंगे। दोनों टीमें लगातार दो-दो मैच जीतकर इस मुकाबले में पहुंची हैं। इस मैच जीतने वाली टीम सीधे सुपर-8 चरण में जगह बना लेगी।
ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में भारत फिलहाल शीर्ष पर है। टीम ने पहले मुकाबले में अमेरिका और दूसरे मैच में नामीबिया को हराया था। दो जीत के साथ भारत के चार अंक हैं और उसका नेट रनरेट 3.050 है जो ग्रुप में सबसे बेहतर है। पाकिस्तान के भी चार अंक हैं लेकिन 0.932 के नेट रनरेट के कारण वह दूसरे स्थान पर है। ऐसे में यह मुकाबला ग्रुप की नंबर वन टीम तय करने के साथ-साथ सुपर-8 की दौड़ के लिहाज से भी निर्णायक माना जा रहा है।
भारत के लिए राहत की खबर ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस है। पेट के संक्रमण के कारण वह नामीबिया के खिलाफ दिल्ली में खेले गए मैच से बाहर रहे थे। हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से एक दिन पहले उन्होंने करीब 30 मिनट नेट्स में बल्लेबाजी की और बड़े शॉट्स लगाते नजर आए थे। उनकी फिटनेस देखकर टीम मैनेजमेंट संतुष्ट दिखा और प्लेइंग इलेवन में उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उनकी वापसी से संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी संकेत दिए हैं कि टीम संतुलन को ध्यान में रखते हुए बदलाव संभव है।
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप इतिहास में टीम इंडिया का दबदबा रहा है। 2007 से शुरू हुए टूर्नामेंट में दोनों के बीच खेले गए आठ मुकाबलों में भारत ने सात बार जीत दर्ज की है। ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में है जहां 16 मैचों में से भारत ने 13 और पाकिस्तान ने सिर्फ तीन मुकाबले जीते हैं। पाकिस्तान की इकलौती विश्व कप जीत 2021 में दुबई में आई थी। उस दौरान टीम ने 10 विकेट से मैच अपने नाम किया था।
हालांकि, इस हाईवोल्टेज मैच पर मौसम का खतरा भी मंडरा रहा है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की संभावना जताई है। जिससे कोलंबो में बेमौसम बारिश हो सकती है। बीबीसी के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह से लेकर शाम करीब 4:30 बजे तक भारी बारिश की आशंका है जिसके बाद बारिश हल्की पड़ सकती है। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होना है इसलिए टॉस में देरी और ओवर कम होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
मैच से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के स्पिन गेंदबाज चुनौती पेश करेंगे। उनके मुताबिक शुरुआत में घबराहट और उत्साह स्वाभाविक है लेकिन टीम को अपनी क्षमता पर भरोसा रखते हुए सामान्य क्रिकेट खेलने पर ध्यान देना होगा।
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह शामिल हो सकते हैं।