चेन्नई। T-20 वर्ल्ड कप 2026 के 48वें मुकाबले में भारत ने 72 रनों से जिम्बाब्वे को हरा दिया है। चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने 257 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया था। इसके जवाब में जिम्बाब्वे निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेटों के नुकसान पर केवल 184 रन ही जोड़ सकी।
चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे को हराकर न सिर्फ टूर्नामेंट में मजबूती से वापसी की बल्कि इस जीत के साथ जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। वहीं, भारत की जीत का सीधा फायदा साउथ अफ्रीका को मिला जिसने नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच में जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 256 रन बनाए जो इस टूर्नामें चरण के सबसे बड़े स्कोर में शामिल रहा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और मुकाबला 72 रन से गंवा बैठी। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारतीय पारी में अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या ने टीम की मजबूत नींव रखी। अभिषेक शर्मा ने 55 रन की तेजतर्रार पारी खेली। जबकि, हार्दिक पंड्या ने नाबाद 50 रन बनाकर अंत तक टीम को संभाले रखा। मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने भी अहम योगदान देते हुए नाबाद 44 रन जोड़े और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, तिनोतेंदा मपोसा और कप्तान सिकंदर रजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।
257 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत धीमी रही और टीम पावरप्ले में केवल 44 रन ही बना सकी। मिडिल ओवर्स में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से दबाव लगातार बढ़ता गया। हालांकि, ओपनर ब्रायन बेनेट ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की और नाबाद 97 रन बनाए लेकिन वह शतक से तीन रन दूर रह गए और टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
इस मुकाबले के परिणाम ने सुपर-8 समीकरण भी बदल दिए। भारत की जीत के बाद जिम्बाब्वे आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया क्योंकि वह अपना आखिरी मैच जीतकर भी केवल दो अंक तक ही पहुंच सकता है। दूसरी ओर भारत की जीत से साउथ अफ्रीका ने नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया।