पॉपुलर क्विज़ शो कौन बनेगा करोड़पति के सीज़न 12 को इस सीजन का पहला करोड़पति मिल गया है। नाजिया नसीम ने एक करोड़ के सवाल का सही उत्तर देकर एक करोड़ की राशि जीती है। यह एपीसोड़ सोनी टीवी पर 11 नवंबर को प्रसारित होगा। कंटेस्टेंट नाजिया नसीम के एक करोड़ रुपए जीतने का प्रोमो चैनल पर दिखाया जा रहा है।

 अपनी जीत पर नाजिया का कहना है कि महिलाएं अपने धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ अपना हर सपना पूरा कर सकती हैं। अपनी जीत का श्रेय उन्होंने अपनी मां के सपने और पति के सपोर्ट को दिया। उनका मानना है कि अगर एक सपोर्टिंग पति और परिवार मिले तो जीवन में सब कुछ संभव हो जाता है।

नाजिया को किताबें पढ़ने और कविताएं लिखने का शौक है। वे खुद को अपडेट रखने में विश्वास करती हैं। वे भारतीय जन संचार संस्थान नई दिल्ली से एडर्वटाइजमेंट एंड पब्लिक रिलेशन में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। फिलहाल गुड़गांव के रॉयल इनफील्ड कंपनी में ग्रुप मैनेजर इंटरनल कम्यूनिकेशन के तौर पर काम करती हैं। उनका 10 साल का एक बेटा है। वे अपनी सफलता का श्रेय अपने पति और माता पिता को देती हैं। उनका कहना है कि उन्हें इस बात की खुशी है कि उन्होंने अपनी मां का सपना पूरा किया है।

नाजिया नसीम झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली है। रांची के डोरंडा पारसटोली में मायका है वहीं उनकी ससुराल भिलाई छत्तीसगढ़ में है। नाजिया दिल्ली में अपने पति के साथ रहती हैं। नाजिया से पूछा गया एक करोड़ का सवाल मनोरंजन के क्षेत्र से था। कौन बनेगा करोड़ पति के इस एपिसोड की शूटिंग अक्टूबर में हुई थी। नाजिया का बचपन रांची में बीता है, उनके पिता मोहम्मद नसीमुद्दीन नौकरी से रिटायर हो चुके हैं। उनकी मां बुशरा नसीम बुटिक संचालिका हैं। नाजिया के पति शकील दिल्ली में विज्ञापन की कंपनी संचालित करते हैं।

नाज़िया 7 करोड़ के सवाल पर पहुंच गई हैं, उनकी एक लाइफ लाइन भी जीवित है। अब देखना होगा कि क्या वे 7 करोड़ के सवाल का जवाब देकर एक और कीर्तिमान रचती हैं।

केबीसी 12 में नाजिया से पहले विंग कमांडर की पत्नी छवि कुमार भी एक करोड़ के सवाल तक पहुंची थी। लेकिन सही उत्तर नहीं मालूम होने की वजह से उन्होंने गेम से क्विट कर दिया था।