रायपुर। राजनांदगांव नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शोभा सोनी की जान कोरोना संक्रमण ने ले ली। बीजेपी नेता शोभा सोनी राजनांदगांव नगर निगम के महापौर पद पर भी रह चुकी हैं। उन्हे पिछले दिनों कोरोना संक्रमित होने पर राजनांदगांव से रायपुर एम्स में भर्ती किया गया था। करीब दो सप्ताह पहले शोभा सोनी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

शोभा सोनी को पिछले कुछ दिनों से सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था। लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई। शोभा सोनी के पति और बेटी भी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। दोनों का इलाज राजनांदगांव में हुआ था। पति और बेटी ठीक हो गए जबकि शोभा को रायपुर एम्स रेफर किया गया था।  

 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शोभा ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी खबर दी थी। उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों को जांच की सलाह दी थी। शोभा सोनी राजनांदगांव की महापौर रहने के अलावा बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वे संगठन और सत्ता में कई जिम्मेदारियों को निभाती रहीं हैं। उनके निधन पर बीजेपी और कांग्रेस समेत अन्य लोगों ने शोक व्यक्त किया है।

आपको बता दें की प्रदेश में कोरोना भयावह रूप लेता जा रहा है। बीते 24 घंटे में 1884 मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं, 578 मरीज स्वस्थ हुए। छत्तीसगढ़ में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 33387 हो गई है। वहीं 17567 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केसों की संख्या 15533 है, और 287 लोगों की कोरोना की वजह से मौत हो गई है।