बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती नेशनल पार्क क्षेत्र में जवानों ने 5 से 7 जून के बीच मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें सेंट्रल कमेटी सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर और तेलंगाना कमेटी का सदस्य भास्कर भी शामिल है।

सुरक्षाबलों के मुताबिक सभी नक्सलियों के शव और ऑटोमैटिक हथियार बरामद किए गए हैं। मारे गए सुधाकर पर 1 करोड़ और भास्कर पर 45 लाख का इनाम था। सुधाकर छुट्टी से जंगल लौटा था, तभी मुठभेड़ में मारा गया। 

यह भी पढे़ं: CG: एंटी नक्सल अभियान में सुरक्षाबलों को मिली एक और कामयाबी, 18 नक्सलियों ने किया सरेंडर

बताया जा रहा है कि 5 जून को पहली मुठभेड़ के बाद सुधाकर का शव बरामद हुआ था। यह वही सुधाकर है, जिसने दंडकारण्य क्षेत्र में नक्सल शिक्षा केंद्रों की शुरुआत की थी। वहीं 6 जून को नक्सली कमांडर भास्कर को मारा गया, जो तेलंगाना स्टेट कमेटी से जुड़ा हुआ था।

6 और 7 जून की दरम्यानी रात को हुई मुठभेड़ों में 3 और नक्सलियों के शव मिले, जिनमें 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। 7 जून को अंतिम मुठभेड़ में 2 अन्य पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए। इन पांच शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। जानकारी जुटाई जा रही है।

एनकाउंटर स्पॉट से 2 AK-47 राइफल, भारी मात्रा में गोला-बारूद और नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन के दौरान कुछ जवानों को सांप और मधुमक्खियों ने काट लिया। फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। सभी का इलाज जारी है।