CG: एंटी नक्सल अभियान में सुरक्षाबलों को मिली एक और कामयाबी, 18 नक्सलियों ने किया सरेंडर

छत्तीसगढ़ शासन के नक्सल सदस्य मुक्त ग्राम पंचायत के अभियान के तहत बड़ी सफलता सुकमा पुलिस को मिली है। इस बार 18 नक्सलियों ने बंदूक छोड़ मुख्य धारा से जुड़ने का ऐलान किया है।

Updated: May 27, 2025, 05:31 PM IST

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।  बटालियन नंबर 1 क्षेत्र में सक्रिय 18 नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया है। इनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है। सभी ने बंदूक छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है। इनमें से चार नक्सली तो हार्डकोर श्रेणी के हैं, जिनमें 2 पर 8-8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

इसके अलावा 2 नक्सलियों पर 5-5 लाख रुपये और 6 नक्सलियों पर 2-2 लाख रुपये का इनाम था। इस पूरे अभियान में 39 लाख के इनामी नक्सलियों ने सरेंडर किया है। आत्मसमर्पण नक्सलियों में दक्षिण बस्तर डिवीजन प्लाजा बटालियन नंबर 1 के 4 सक्रिय हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन के नक्सल सदस्य मुक्त ग्राम पंचायत के अभियान के तहत ये बड़ी सफलता सुकमा पुलिस को मिली है

सभी नक्सलियों ने सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि नक्सल समस्या केवल सुरक्षा बलों की कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक सामाजिक और विकासात्मक चुनौती भी है। सरकार ने इस समस्या को एक समग्र दृष्टिकोण से हल करने का प्रयास किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के लिए पुनर्वास योजनाएं तैयार की गई हैं, जिनमें उन्हें रोजगार, आर्थिक सहायता और समाज की मुख्यधारा में वापस लौटने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुनर्वास नीतियां न केवल उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रही हैं, बल्कि समाज में भी शांति और विश्वास का माहौल बना रही हैं। इसके अलावा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया है। इन क्षेत्रों में विकास कार्यों ने न केवल स्थानीय जनजातीय समुदायों का विश्वास बढ़ाया है, बल्कि युवाओं को हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए भी प्रेरित किया है।

बता दें कि पिछले हफ्ते ही सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में नक्सलियों का टॉप कमांडर बसवा राजू मारा गया था। बसवा राजू पर डेढ़ करोड़ से अधिक इनाम घोषित किया गया था। इसके साथ ही 26 अन्य नक्सली भी मारे गए थे और बड़ी मात्रा में हथियारों की भी बरामदगी हुई थी।