रायपुर। देश के कई राज्यों में कृषि कानून के विरोध में चक्का जाम किया गया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में भी किसानों ने हाईवे पर रास्ता रोका जिससे कई जगहों पर लंबा जाम लगा। कृषि बिलों के विरोध में किसान संगठन सड़कों पर बैठे और नारेबाजी भी की। किसानों के प्रदर्शन को कांग्रेस ने भी सपोर्ट किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट से एक फोटो शेयर की है, जो काफी वायरल हो रही है। दरअसल इस फोटो में चार बच्चे नजर आ रहे हैं, जिनके हाथों में मिट्टी के ट्रैक्टर हैं। कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि छत्तीसगढ़ के बच्चे भी मिट्टी का ट्रैक्टर बनाकर किसानों के साथ हैं, उनका समर्थन कर रहे हैं।



 





रायपुर में कांग्रेस और किसानों ने चक्काजाम किया है। संतोषी नगर में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा हुए और केंद्र के कृषि कानूनों के खिलाफ हल्ला बोला।





वहीं बिलासपुर के नेहरू चौक पर किसानों ने वाहन रोककर नारेबाजी की। भिलाई के कोसनानाला नाका में किसानों के साथ कांग्रेस ने चक्काजाम किया, जिससे हाइवे पर जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लगी नजर आई।





प्रदर्शनकारियों ने आरंग रोड, धमतरी रोड, बोरियाखुर्द में भी जाम लगाया। धमतरी, अभनपुर में टोल नाकों पर किसानों ने वाहनों का रास्ता रोका और धरना दिया।