गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र जतिन कुमार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने मोबाइल फोन पर एक भावुक वीडियो रिकॉर्ड किया था। जिसमें उसने मानसिक थकान और लंबे समय से चल रहे संघर्ष का जिक्र किया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर9  निवासी जतिन कुमार पिछले कई सालों से नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। इस साल यह उसका पांचवां प्रयास था। हाल ही में हुई परीक्षा देने के बाद वह आगामी पुनर्परीक्षा की तैयारी में भी जुटा हुआ था लेकिन लगातार सफलता नहीं मिलने से वह मानसिक तनाव और निराशा का सामना कर रहा था।

यह भी पढ़ें:इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया को झटका, हार्दिक पांड्या वनडे सीरीज से बाहर, विराट कोहली की फिटनेस पर सस्पेंस

गुरुवार रात वह रोजाना की तरह अपने कमरे में पढ़ाई करने गया था। परिवार के लोगों ने बताया कि रात करीब 12 बजे तक वह कमरे में टहलते हुए पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजन उसे देखने पहुंचे। वहां उसका शव फर्श पर पड़ा मिला। शुरुआती जांच में पता चला कि उसने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की थी लेकिन बाद में फंदा टूट जाने से शव नीचे गिर गया था।

घटना की सूचना मिलने पर विजयनगर पुलिस, फोरेंसिक टीम और नगर कोतवाली की सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडेय मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से करीब एक मिनट पांच सेकंड का वीडियो मिला। जिसे उसने आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किया था।

यह भी पढ़ें:ग्वालियर में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला पटवारी, पति के जरिए करती थी वसूली

वीडियो में जतिन ने किसी व्यक्ति या परिवार के सदस्य को अपने कदम के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया। उसने कहा कि उस पर किसी तरह का दबाव नहीं था और उसके पिता हमेशा उसका मनोबल बढ़ाते थे। वीडियो में उसने यह भी बताया कि पिता अक्सर कहते थे कि यदि नीट में सफलता मिल जाए तो अच्छी बात है और यदि नहीं मिले तो भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद वह भीतर से बेहद थका हुआ महसूस कर रहा था और जीवन की परिस्थितियों से उसका मन उचट गया था।

मृतक के पिता राजेश कुमार खाद्य विभाग में इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में सहारनपुर में पदस्थ हैं। जतिन अपनी मां और छोटी बहन के साथ गाजियाबाद में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहा था। परिजनों का कहना है कि घर में पढ़ाई या करियर को लेकर उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं डाला जाता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े तथ्यों को एकत्र किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:MP में करोड़ों का मनरेगा घोटाला, क्लोन एप से फर्जी हाजिरी लगाने का आरोप, CBI जांच की तैयारी