बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमित मरीजों की मौत के आंकड़े तेज़ी से बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमण के चलते कांग्रेस नेता बसंत शर्मा का 55 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। बसंत शर्मा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके थे, वे शहर के डीएलएस कॉलेज के चेयरमैन के पद पर भी रहे हैं। कई बार पार्षद भी रह चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले ही बसंत शर्मा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उन्हें बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने शोक व्यक्त किया है। बता दें कांग्रेस नेता बसंत शर्मा के भाई की भी मृत्यु कोरोना की वज़ह से हुई थी। वे डीएसपी पद पर कार्यरत होकर बिलासपुर में सेवाएं दे रहे थे। कुछ माह पहले संक्रमण से उनका निधन हो चुका है।


उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 19 दिनों के दौरान तीसरे कांग्रेस नेता की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हुई है। इससे पहले 6 अप्रैल को गरियाबंद में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता राठौर का निधन हुआ था। वह असम चुनाव प्रचार से लौटी थीं। तबीयत ज्यादा खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 10 अप्रैल को गरियाबंद में ही छुरा ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजू ठाकुर का निधन हो गया।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 203 कोविड संक्रमितों की मौत हो गई। अब तक प्रदेश में 7111 संक्रमित लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार की रात तक 16 हजार 731 नए कोरोना संक्रमित मिले। अब प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या 1 लाख 22 हजार 963 हो गई है। राज्य में 57 हजार 225 सैंपल जांचे गए। शनिवार को ठीक होने वालों की संख्या 13 हजार 448 रही।