रायपुर। रायगढ़ के पूर्व बीजेपी विधायक रोशनलाल अग्रवाल का निधन हो गया। 67 साल के रोशनलाल 26 जनवरी को वे सीढ़ी से गिरकर घायल हो गए थे। गहरी चोट के कारण हालत नाज़ुक होने पर 27 जनवरी को उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल में दाखिल किया गया था। आज दोपहर उनकी तबीयत और बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

रोशनलाल अग्रवाल 2013 से 2018 तक रायगढ़ के विधायक रहे थे। 2018 के चुनाव में वे कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश नायक से हार गए थे। वे रायगढ़ के जिलाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के संचालक मंडल के सदस्य भी रह चुके हैं। वे प्रखर वक्ता के तौर पर पहचाने जाते थे।

रोशनलाल के निधन पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने निष्ठावान कार्यकर्ता और सजग व जनहितैषी नेता खो दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने भी उनके निधन पर दुख जताया है।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में मध्यम वर्गीय परिवार में रोशनलाल का जन्म हुआ था। 20 जून 1954 को जन्मे रोशनलाल का बचपन गरीबी और संघर्ष में बीता। 1977 में उन्होंने पालूराम धनानिया वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय रायगढ़ से एम कॉम की डिग्री ली थी। उसके बाद वे राजनीति में आ गए थे।