मुंबई। दिवाली के पहले घरेलू शेयर मार्केट में रौनक जारी है। सेंसेक्स आज यानी 3 नवंबर को करीब 1000 अंक चढ़कर 76,700 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी करीब 250 अंक की तेजी है। यह 23,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार में बैंकिंग, FMCG और IT शेयर्स में सबसे ज्यादा खरीदारी है।
इससे पहले कल यानी 2 नवंबर को भी बाजार में तेजी रही थी। सेंसेक्स 1,233 अंक चढ़कर 75,693 पर बंद हुआ था। निफ्टी 388 अंक ऊपर 23,440 पर बंद हुआ था। दरअसल, लंबे समय से बिकवाली कर रहे विदेशी निवेशकों (FIIs) ने सोमवार को 3,115 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इस खरीदारी से बाजार को मजबूत सहारा मिला।
इसके अलावा ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत गिरकर 105 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल बाहर से मंगवाता है। तेल की कीमतों में यह गिरावट बाजार के लिए पॉजिटिव रही। वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी SFC एनवायरनमेंट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के शेयर 330 रुपए के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 8% प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए।
BSE पर यह शेयर 354.05 रुपए पर ट्रेड होना शुरू हुआ, जो इश्यू प्राइस से 7.28% ज्यादा है। वहीं NSE पर इसकी ट्रेडिंग 7.60% प्रीमियम के साथ 355.10 रुपए पर शुरू हुई।