देश के शेयर बाज़ार आज एक नई ऊँचाई पर बंद हुए। दिन के कारोबार में BSE के सूचकांक सेंसेक्स ने पहली बार 49,874 का स्तर छू लिया। NSE के निफ्टी ने भी 14650 का स्तर पार कर लिया। बाद में ऊपर के स्तरों पर हल्की मुनाफ़ा वसूली देखने को मिली, लेकिन बाज़ार की लेकिन बाज़ार की क्लोजिंग तब भी नए रिकॉर्ड स्तर पर ही हुई।

कारोबार ख़त्म होने तक सेंसेक्स करीब 394 अंक ऊपर 49,792.12 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 124 अंकों की तेज़ी के साथ 14,645 पर बंद हुआ। शेयर बाज़ार की इस तेज़ी में आज आईटी और ऑटो शेयरों का अच्छा ख़ासा योगदान रहा। सरकारी बैंकों में भी अच्छी खासी ख़रीदारी देखने को मिली। टेक महिंद्रा और मारुति के शेयर आज सबसे ज़्यादा उछाल दर्ज करने वाले शेयर्स में शामिल रहे। जबकि पावरग्रिड और एनटीपीसी के शेयरों में सबसे ज़्यादा गिरावट देखी गई। मंगलवार को भी देश के शेयर बाजारों में अच्छी खासी बढ़त दर्ज की गई थी।

आज के कारोबार में सेंसेक्‍स 30 के 21 शेयरों में तेजी रही। टेक महिंद्रा और मारुति में करीब 2.5 फीसदी तेज़ी आई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज़, इंफोसिस, HCL टेक और TCS भी आज के सबसे ज़्यादा तेज़ी दर्ज करने वाले शेयर्स में शामिल हैं। पावरग्रिड कॉरपोरेशन, NTPC, HDFC बैंक, ITC, नेस्‍ले इंडिया और HUL आज के सबसे ज़्यादा गिरावट वाले शेयरों में शामिल हैं।

बाजार में आज निफ्टी के 12 प्रमुख इंडेक्‍स में 11 बढ़त के साथ बंद हुए। आईटी और ऑटो इंडेक्‍स में 2.5 फीसदी और पीएसयू बैंक इंडेक्‍स में 2 फीसदी की तेज़ी रही। मेटल इंडेक्‍स भी क़रीब 1 फीसदी बढ़े। FMCG इंडेक्‍स गिरावट के साथ बंद होने वाला इकलौता सूचकांक रहा। बाक़ी सभी इंडेक्स तेज़ी के साथ बंद हुए। अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों की बात करें तो अमेरिका में नई सरकार के आने से पहले बाज़ार में थोड़ी सुस्ती के संकेत मिले हैं। एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही है।