इंडियन क्रिकेटर युजवेंद्र चहल मंगलवार को अपनी मंगेतर धनश्री वर्मा के साथ शादी के बंधन में बंध गए। गुरुग्राम में उन्होंने अपनी मंगेतर के साथ सात फेरे लिए। दोनों ने अपने रिश्ते की बात सोशल मीडिया पर कबूल की थी, इंस्टाग्राम पर ही शादी का ऐलान किया था।

क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और धनश्री की जोड़ी इस साल सोशल मीडिया पर सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। इसी साल आईपीएल में शामिल होने से पहले युजवेंद्र चहल ने धनश्री से सगाई की थी। दोनों दुबई के अलावा भी कई बार साथ स्पाट किए जा चुके हैं। अगस्त में इनकी रोका सेरेमनी हुई थी। दुबई में IPL के दौरान धनश्री भी युजवेंद्र की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के मैच के दौरान चियर करती नजर आईं थीं।  

लॉकडाउन के दौरान युजवेंद्र चहल और धनश्री जूम वर्कशॉप्स में एक साथ दिखाई दिए थे। धनश्री के सोशल मीडिया में जारी बायो के अनुसार वे 'डॉक्टर, कोरियोग्राफर, यूट्यूबर और डांस कंपनी धनश्री वर्मा कंपनी की फाउंडर' हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 25 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। धनश्री सोशल मीडिया पर अपने डांस के वीडियो शेयर करती हैं। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। फैंस दोनों को बधाइयां भी दे रहे हैं।  

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दोनों को बधाई दी। BCCI ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'आप दोनों जिंदगीभर खुश रहें।'

वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी इस कपल को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर लिखा है 'युजी कॉट एंड बोल्ड धनश्री। आप दोनों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'