धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में रोहित शर्मा ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अब आधिकारिक तौर पर भारत के लिए वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। 39 साल और 44 दिन की उम्र में मैदान पर उतरते ही उन्होंने पूर्व ऑलराउंडर मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है। धर्मशाला में लगातार बारिश के कारण मुकाबले की शुरुआत निर्धारित समय से करीब 4 घंटे 15 मिनट देरी से हुई। लंबे इंतजार के बाद शाम करीब 5 बजे मौसम साफ हुआ। जिसके बाद 5:15 बजे टॉस कराया गया। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और 5:45 बजे मैच शुरू हुआ।

यह भी पढ़ें:24 घंटे में हो सकती है US-Iran डील, पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ बोले

रोहित शर्मा जैसे ही प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे वैसे ही उनके नाम एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई। इससे पहले भारत के लिए सबसे अधिक उम्र में वनडे खेलने का रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम था। अमरनाथ ने 30 अक्टूबर 1989 को अपना अंतिम वनडे मैच 39 साल और 36 दिन की उम्र में खेला था। अब रोहित ने 39 साल और 44 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

भारतीय खिलाड़ियों की इस सूची में मोहिंदर अमरनाथ के बाद सचिन तेंदुलकर का नाम आता है। उन्होंने 38 साल और 329 दिन की उम्र में वनडे खेला था। इसके अलावा राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर और महेंद्र सिंह धोनी भी 38 वर्ष की आयु पार करने के बाद भारत के लिए वनडे मैच खेल चुके हैं। हालांकि, अब इस सूची में सबसे ऊपर रोहित शर्मा का नाम दर्ज हो गया है।

वनडे क्रिकेट के वैश्विक रिकॉर्ड की बात करें तो सबसे अधिक उम्र में वनडे खेलने का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नोलन क्लार्क के नाम है। उन्होंने 47 साल और 257 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच खेला था। इसलिए रोहित भले ही भारत के लिए सबसे उम्रदराज वनडे खिलाड़ी बन गए हों लेकिन विश्व रिकॉर्ड अभी भी नोलन क्लार्क के पास है।

यह भी पढ़ें:लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय सेना के नए प्रमुख, 30 जून को संभालेंगे कमान

रोहित शर्मा का वनडे करियर भी बेहद शानदार रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले से पहले तक उन्होंने 282 वनडे मैच खेले थे और 274 पारियों में 48.84 की औसत तथा 92.74 के स्ट्राइक रेट से 11,577 रन बनाए थे। उनके नाम 33 शतक और 61 अर्धशतक दर्ज हैं। रोहित ने 23 जून 2007 को आयरलैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। लगभग दो दशक लंबे करियर के बाद भी भारतीय टीम के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं।