कोलंबिया। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अमेरिका दौरे पर हैं। राहुल गांधी ने इस दौरान न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ बातचीत की। राहुल ने यहां भारत में हो रही वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में 14 करोड़ वोटर्स के नाम काटे गए।
राहुल गांधी ने भारतीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) और चुनावी नतीजों पर गंभीर सवाल खड़े किए। राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 में वोट डालने वाले करीब 14 करोड़ लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया। राहुल ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के पास कई सवाल और सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है।
राहुल गांधी बीती रात ही अमेरिका पहुंचे, जहां कोलंबिया यूनिवर्सिटी में उनका कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उन्होंने छात्रों और फैकल्टी के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर अपनी बात रखी। राहुल अमेरिका के दो दिन के दौरे पर हैं। वे आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में मॉडरेटर लिडिया पॉलग्रीन से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में जितना पैसा खर्च किया गया, वह अनुमान से 20, 30, 40 या 50 गुना तक ज्यादा था। इतना पैसा कहां से आया। इस अभियान में खर्च की गई रकम को लेकर कई सवाल हैं, जिनका जवाब मिलना चाहिए।
राहुल ने चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा, ‘अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिल जाना संभव नहीं है। चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर हमारी पार्टी (कांग्रेस) के पास कई सवाल हैं। हमारे पास चुनावी धांधली के कई सबूत हैं। इन्हें सामने लाने के लिए हम काम कर रहे हैं।'
राहुल गांधी ने कहा कि हमारा मकसद देश की चुनावी व्यवस्था को फिर से दुरुस्त करना है। चुनावी व्यवस्था को ठीक किए बिना कुछ नहीं हो सकता। निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। राहुल गांधी देश की हालात को लेकर कहा कि युवाओं में मौजूदा हालात को लेकर निराशा है। इनमें एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। इसकी सबसे अहम वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता।