बिहार के दरभंगा में कोलकाता के स्वर्ण व्यवसायी से हुई करोड़ों रुपये की चांदी लूट के मामले में भाजपा नेता की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने जिला भाजपा के नगर महामंत्री विशाल कुमार महासेठ उर्फ विक्की को इस वारदात का मास्टरमाइंड और लाइनर बताया है। उसके साथ चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62 किलो 195 ग्राम चांदी बरामद की है। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ 39 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद माल में 56 चांदी के मुकुट और एक चांदी का बिस्किट शामिल है।
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने बताया कि इस लूट की साजिश पहले से तैयार की गई थी। भाजपा नेता विशाल कुमार महासेठ ने अपने स्वर्ण व्यवसायी मित्र धीरज सोनी के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी। इसके बाद वारदात को अंजाम देने के लिए कोलकाता से व्यवसायी के साथ दरभंगा आ रहे कौशिक को भी साजिश में शामिल कर लिया गया।
यह भी पढ़ें:असम में रेल हादसा: इंजन समेत पटरी से उतरे सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस के 6 डिब्बे, 50 यात्री घायल
पुलिस के मुताबिक, कौशिक को गाड़ी चलाने और व्यवसायी को पीछे की सीट पर बैठाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उसे समझाया गया था कि जब रास्ते में लुटेरे गाड़ी रोकने का इशारा करेंगे तो वह आसानी से चांदी से भरा बैग उन्हें सौंप देगा। अगर वह विरोध करने का दिखावा करता है तो उसके साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया जाएगा ताकि पूरी घटना लूट जैसी लगे। पुलिस का दावा है कि आभूषणों के दस्तावेज नहीं होने की स्थिति में व्यवसायी की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराने की भी योजना बनाई गई थी।
यह वारदात शनिवार रात दरभंगा-एकमीघाट-सोभन बाईपास सड़क पर हुई थी। कोलकाता के स्वर्ण व्यवसायी से बड़ी मात्रा में चांदी लूटने के दौरान बदमाशों ने ड्राइवर को गोली मार दी थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश और लूटे गए माल की बरामदगी के लिए जांच शुरू की थी। अब मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी के अनुसार, विशाल कुमार महासेठ उर्फ विक्की को पटना से लौटते समय गिरफ्तार किया गया। उसके साथ धीरज सोनी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। इसके अलावा विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कादिराबाद स्थित कुसुम रेस्टोरेंट के मालिक संतोष कुमार को उसके रेस्टोरेंट से गिरफ्तार किया गया। तेजस अभिषेक चंद्र की गिरफ्तारी होटल के पास से हुई। जबकि, संतोष साह को भी इस मामले में पकड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में संतोष साह पेशे से अधिवक्ता बताया गया है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में 19 नवंबर से होगा विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज, सलीमा टेटे संभालेंगी भारत की कमान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी छोटू कुमार की निशानदेही पर कार्रवाई करते हुए उसके घर से 5 लाख 94 हजार 100 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा दो कार भी जब्त की गई हैं। वहीं, छोटू की जानकारी के आधार पर निक्की साह के घर से लूटी गई चांदी बरामद की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर लूट की साजिश, इसमें शामिल अन्य लोगों और वारदात से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।