अफ्रीकी देश लीबिया में डैनियल नाम के तुफान के कारण शहरों में भीषण बाढ़ आ गई है। लीबिया के कई शहर बाढ़ की चपेट में आ गए। तुफान के कारण डेर्ना शहर के पास दो बांध अचानक टूट गए। जिससे शहर में सुनामी की तरह बाढ़ का पानी आ गया। जिसमें 2300 लोगों की मौत हो गई। वहीं पूरे देश में अबतक 5000 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 15 हजार लोग लापता हैं।

अफ्रीकी मीडिया चैनल की रिपोर्ट के अनुसार अभी तक डेर्ना शहर में 2300 शव बरामद हुए हैं जिसमें से 1500 शवों की पहचान की जा चुकी है। इस शहर के 5 हजार लोग अभी भी लापता हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है। बरामद किए गए शवों को शहर से दूर स्थित एक कब्रिस्तान में एक साथ दफनाया जा रहा है। 

जानकारी के अनुसार लीबिया के सुसा, मार्ज और शाहट, डेर्ना आदि जगहों पर भीषण बाढ़ आई हुई है। लेकिन सबसे भयावह स्थिति डेर्ना शहर में है। जहां हजारों परिवार विस्थापित हो गए और हजारों लोगों की जान जा चुकी है। वहीं अभी 5000 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने और समुद्र में बह जाने की आशंका है। विस्थापित हुए लोगों ने बेनगाजी शहर और पूर्वी लीबिया में अन्य स्कूलों और अन्य सरकारी भवनों में शरण ली है।

लीबिया के हेल्थ मिनिस्टर ने बताया कि मौत का आखिरी आंकड़ा बहुत ज्यादा होगा। अभी तक 5000 लोगों की मौत हो चुकी है लेकिन आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। इतने खराब हालात यहां साल 1959 में हुए थे। दुनिया के कई देशों ने मदद की पेशकश की है, लेकिन मदद यहां पहुंचेगी कैसे न एयरपोर्ट सलामत हैं और न ही सड़कें बची हैं। ये बहुत बढ़ी तबाही है इससे निपटना सरकार की क्षमता के बाहर है।

बता दें लीबिया अफ्रीका कॉन्टिनेंट के उत्तरी भाग में स्थित है। यहां की आबादी 67.4 लाख है। 17.6 लाख किमी स्क्वायर में फैला लीबिया वर्षों से आंतरिक संघर्ष और अस्थिरता का सामना कर रहा है। यहां UN के दखल के बाद 2021 में स्थाई सरकार बनी। इसके पहले यहां अलग-अलग शासकों का नियंत्रण था।