ब्राजील। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो की मंगलवार से 27 साल की जेल की सजा शुरू हो गई है। उन पर 2022 के चुनाव हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की योजना बनाने का आरोप साबित हुआ था। इस घटना को ब्राजील की राजनीति में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा था क्योंकि लंबे समय तक यह माना जाता रहा कि उन्हें कभी जेल नहीं भेजा जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट जज एलेक्जांद्रे दे मोराइस ने आदेश दिया कि बोल्सोनारो को फिलहाल उसी फेडरल पुलिस मुख्यालय में रखा जाएगा जहां वह शनिवार को फ्लाइट-रिस्क होने के आधार पर प्री-एम्प्टिव अरेस्ट के बाद से बंद हैं। ब्राजीलियाई कानून के तहत उन्हें किसी स्थानीय जेल या ब्रासीलिया स्थित मिलिट्री फैसिलिटी में भी भेजा जा सकता था लेकिन अदालत ने मौजूदा लोकेशन को ही सुरक्षित माना।
बोल्सोनारो की कानूनी टीम ने सोमवार को उनकी सजा के खिलाफ सभी अपीलें खत्म कर दीं। उनके वकील स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देकर घर में नजरबंदी की मांग कर रहे थे। पर अदालत ने इसे खारिज कर दिया। अगस्त से वह पहले ही हाउस-अरेस्ट में थे क्योंकि जज दे मोराइस ने आशंका जताई थी कि वह देश छोड़कर भाग सकते हैं। शनिवार को उन्होंने दावा किया कि हैलुसिनेशन की वजह से उन्होंने टखने में लगे मॉनिटर को वेल्डर से तोड़ दिया लेकिन अदालत ने इसे मनगढ़ंत बताया।
सुप्रीम कोर्ट के जजों की पैनल ने बोल्सोनारो और उनके कई करीबी सहयोगियों को 2022 के चुनावी हार के बाद लोकतंत्र को पलटने की साजिश में दोषी पाया था। जांच में सामने आया कि इस प्लान में राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा, उपराष्ट्रपति जेराल्डो अल्कमिन और जस्टिस दे मोराइस की हत्या की साजिश भी शामिल थी। इसके साथ ही 2023 की शुरुआत में देश में हिंसक विद्रोह भड़काने का प्रयास भी योजना का हिस्सा था।
पूर्व राष्ट्रपति को एक सशस्त्र आपराधिक समूह का नेतृत्व करने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को हिंसा से खत्म करने और देश की संवैधानिक व्यवस्था को पलटने से जुड़े गंभीर अपराधों में दोषी ठहराया गया है। बोल्सोनारो ने अब तक सभी आरोपों से इनकार किया है।
इस मामले में उनके कई सहयोगियों को भी अलग-अलग सजाएं दी गई हैं। सेना के दो जनरल ऑगस्तो हेलैनो और पाउलो सेरजियो नोगेइरा को ब्रासीलिया की मिलिट्री फैसिलिटी में सजा काटने के लिए भेजा गया है। पूर्व न्याय मंत्री एंडरसन टोरेस अब पापूदा जेल में हैं। एडमिरल अल्मिर गार्नियर को ब्रासीलिया की नेवी फैसिलिटी में रखा जाएगा। बोल्सोनारो के पूर्व रनिंग मेट और रक्षा मंत्री ब्रागा नेट्टो को रियो डि जेनेरियो की मिलिट्री फैसिलिटी में बंद किया गया है।
जज दे मोराइस ने यह भी पुष्टि की कि ब्राजील की खुफिया एजेंसी के पूर्व प्रमुख और सांसद एलेक्जांद्रे रामाजेम अब भी फरार हैं। बोल्सोनारो की राजनीतिक पकड़ अब भी मजबूत मानी जाती है। हालांकि, एक अलग फैसले के चलते वह 2030 तक चुनाव लड़ने के लिए अयोग्य हैं। सर्वे बताते हैं कि अगर उन्हें अनुमति मिलती तो वह अगले चुनाव में कड़ा मुकाबला दे सकते थे।
पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी असर डाला है। बोल्सोनारो के करीबी माने जाने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनकी गिरफ्तारी को विच हंट कहा था। ट्रंप प्रशासन ने जुलाई में ब्राजीलियाई निर्यातों पर 50% अतिरिक्त शुल्क लगाने की घोषणा में बोल्सोनारो का नाम भी शामिल किया था। इसके अलावा अमेरिका ने जज दे मोराइस सहित कई ब्राजीलियाई अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाए थे। बाद में लूला और ट्रंप की अक्टूबर में मलेशिया में हुई मुलाकात के बाद दोनों देशों के संबंध सुधरे और अधिकतर शुल्क हटाए गए।
बोल्सोनारो ब्राजील के पहले ऐसे पूर्व राष्ट्रपति हैं जिन्हें तख्तापलट की कोशिश में दोषी ठहराकर जेल भेजा गया है। उनसे पहले मिचेल टेमेर, लूला दा सिल्वा और फर्नांडो कोलोर डी मेलो भी भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं लेकिन किसी को भी लोकतंत्र पलटने की साजिश में दोषी नहीं ठहराया गया था।