गूगल प्ले स्टोर ने भारत में ban सभी चीनी ऐप को हटा दिया है। भारतीय यूजर्स अब चीनी ऐप इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। गूगल के साथ ही एप्पल ऐप स्टोर ने भी प्रतिबंधित तमाम चीनी ऐप को भारतीय युजरों की पहुंच से बाहर कर दिया है। गूगल का कहना है कि उसने अस्थायी तौर पर चीनी ऐप भारत वाले प्ले स्टोर से हटा दिये हैं।

चीन के साथ सीमा पर जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने सोमवार को 59 चीनी ऐप प्रतिबंधित कर दिए थे। इसमें टिक टॉक, शेयर इट, यूसी ब्राउज़र, वी चैट इत्यादि जैसे ऐप शामिल हैं। भारत सरकार द्वारा यह आदेश जारी किए जाने के ठीक एक दिन बाद ही भारत में सबसे मशहूर चीनी ऐप टिक टॉक गूगल प्ले स्टोर से नदारद हो गया।

हम भारत सरकार के आदेशों की समीक्षा कर रहे हैं
बिजनेस स्टैंडर्ड के मुताबिक गूगल के एक प्रवक्ता ने कहा है कि गूगल इस समय भारत सरकार द्वारा जारी आदेशों की समीक्षा कर रहा है। प्रवक्ता ने कहा ' हम इस समय भारत सरकार द्वारा जारी तमाम अंतरिम आदेशों की समीक्षा कर रहे हैं। हमने संबंधित डेवलपर्स से संपर्क कर उनको इस बात की जानकारी दे दी है और भारत सरकार के आदेश आने के बाद, प्ले स्टोर पर बचे तमाम चीनी ऐप पर अस्थाई तौर पर रोक लगा दी है। हालांकि गूगल ने कौन से ऐप ब्लॉक किए हैं, इसकी जानकारी प्रवक्ता ने नहीं दी।

गौरतलब है कि ज़्यादातर डेवलपर्स पहले ही अपने ऐप प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर से हटा चुके थे। बाकी बचे हुए तमाम ऐप अब गूगल और ऐपल ने भारतीय यूजरों की पहुंच से बाहर कर दिए गए है।