भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि विपक्ष चुनावों का बहिष्कार नहीं करेगा, क्योंकि ऐसा करने से भारतीय लोकतंत्र उसी क्षण खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को उजागर करने के लिए विपक्ष चुनाव लड़ना जारी रखेगा। राहुल गांधी ने कहा कि हमारी रणनीति व्यवस्था में जो कुछ हो रहा है, उसे जनता के सामने लाने और इस मुद्दे पर लोगों के बीच लगातार बातचीत जारी रखने की है।

राहुल गांधी बुधवार को अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ संवाद कर रहे थे। इस दौरान राजनीतिक विज्ञान के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप ने उनसे बातचीत की। राहुल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र उनके लिए पवित्र है। लोकतंत्र में किसी समस्या की बात कहने के लिए भी उनके पास 100, 200 या 300 प्रतिशत तक ठोस प्रमाण होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष जनता से यह कह दे कि वह चुनाव नहीं लड़ेगा, तो चुनावी प्रक्रिया की वैधता ही खत्म हो जाएगी। विपक्ष के कार्यकर्ताओं का क्या होगा, अगर उनसे कहा जाए कि वे चुनाव में हिस्सा न लें? हम भारतीय लोकतंत्र के ढांचे को खत्म नहीं करना चाहते। इसलिए विपक्ष चुनाव लड़ते हुए व्यवस्था में मौजूद खामियों को उजागर करता रहेगा।

राहुल गांधी ने दावा किया कि विपक्ष को चुनाव आयोग के भीतर से भी जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी अब कह रहे हैं कि वे इस तरह काम जारी नहीं रख सकते। यह लंबा संघर्ष रहा है और अब इस व्यवस्था में बदलाव आने में ज्यादा समय नहीं लगेगा।

उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनावों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए ब्राजील की एक महिला का उदाहरण दिया। राहुल ने दावा किया कि यह महिला कभी भारत नहीं आई, इसके बावजूद उसने एक राज्य के विधानसभा चुनाव में 23 बार मतदान किया। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव में फर्जी या ऐसे मतदाताओं ने वोट डाले, जिन्हें मतदान का अधिकार नहीं था, तो फिर उस चुनाव की वैधता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस को 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से ही संदेह था। उस समय जीत के अंतर को राजनीतिक रूप से समझना मुश्किल लग रहा था। उन्होंने दावा किया कि बाद में जब उन्हें इस संबंध में प्रमाण मिले और उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने बात रखी, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बोलने से मना किया गया।

गौरतलब है कि राहुल गांधी दो दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में संवाद से एक दिन पहले उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने भारत में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याओं का जिक्र करते हुए देश के आर्थिक संकट की ओर बढ़ने की बात कही थी।