इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इमरान खान के कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी खुद पाकिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद इमरान खान ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है।  





पाकिस्तानी पीएम ने हाल ही में कोरोना की वैक्सीन लगाई थी। इमरान खान ने अभी वैक्सीन का पहला डोज़ लिया था। जिसके बाद उनके कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी सामने आई है।  



पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ पार्टी के प्रमुख इमरान खान जुलाई 2018 में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बने थे। इमरान के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में कोई सुधार देखने को नहीं मिला। जबकि इमरान के प्रधानमंत्री  बनने के बाद से ही पाकिस्तान और भारत दोनों ही जगह यह उम्मीद जताई जा रही थी कि भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में बढ़ती दरार कम होगी। लेकिन दोनों देशों के संबंधों में खटास बढ़ती गई।  



इमरान खान राजनेता होने के साथ साथ क्रिकेटर भी रह चुके हैं। इमरान खान की गिनती विश्व क्रिकेट में अब तक के सबसे बड़े ऑलराउंडरों में होती है। इमरान खान की ही कप्तानी में पाकिस्तानी टीम ने 1992 में अपना पहला और इकलौता एकदिवसीय विश्व कप जीता था।