भारत, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) का 8वीं बार अस्थाई सदस्य चुना गया है। 192 वोटों में से भारत के पक्ष में 184 वोट पड़े। 2011 के बाद भारत पहली बार परिषद का अस्‍थाई सदस्‍य चुना गया है।



भारत 2021-22 के कार्यकाल के लिए एशिया-प्रशांत श्रेणी से गैर-स्थायी सीट के लिए एकमात्र उम्मीदवार था। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस त्रिमूर्ति ने ट्वीट कर बताया कि सदस्य देशों ने भारत को भारी समर्थन देते हुए 2021-22 तक के लिए यूएनएससी का अस्थाई सदस्य चुना है। भारत को 192 में से 184 वोट मिले हैं। अस्थायी सदस्य चुने जाने के लिए भारत को केवल 128 वोट ही चाहिए था। इसके साथ ही भारत संयुक्त राष्ट्र के शक्तिशाली 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद में एक गैर-स्थायी सदस्य के रूप में शामिल हो गया है।





 



गौरतलब है कि संयुक्त राष्‍ट्र सुरक्षा परिषद में कुल 15 देश शामिल हैं। इनमें से पांच देश अमेरिका, रूस, फ्रांस, ब्रिटेन और चीन स्‍थाई सदस्‍य हैं। दस अन्य देशों को अस्थाई सदस्यता प्राप्त होती है। ये 10 अस्थायी सीटें क्षेत्रीय आधार पर भरी जाती हैं। इनमें से अफ्रीकी और एशियाई देशों के लिए 5; पूर्वी यूरोपीय देशों के लिए 1; लैटिन अमेरिकी और कैरेबियन देशों के लिए 2; और पश्चिमी यूरोपीय और अन्य देशों के लिए 2 सीट निर्धारित की गई है।



भारत के पहले 1950-51, 1967-68, 1972-73, 1977-78, 1984-85, 1991-92 और 2011-12 में सुरक्षा परिषद का अस्‍थाई सदस्‍य रह चुका है।