फ्लोरिडा। आगामी अमेरिकी चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस एक रैली में डांस करती नजर आईं। वे कड़े मुकाबले वाले राज्य फ्लोरिडा में चुनावी सभा को संबोधित कर रही थीं और तभी वहां बारिश होने लगी। कमला हैरिस ने छाते के साथ डांस किया। उनका यह वीडिया सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इससे पहले ट्रंप भी एक चुनावी सभा में मटकते नजर आए थे। अब लोग हैरिस और ट्रंप के बीच डांस का मुकाबला कराने की मांग कर रहे हैं।
भारतीय मूल की कमला हैरिस अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उपराष्ट्रपति पद के लिए खड़ी होने वाली पहली एशियाई-अमेरिकी महिला हैं। वे अक्सर ही सोशल मीडिया पर चर्चा में छाई रहती हैं।
इससे पहले हैरिस ने कहा कि जब हम वोट करते हैं, तब हम जीतते हैं। बाद में हैरिस ने बारिश में नाचते हुए अपनी एक फोटो ट्विवटर पर साझा की और लिखा कि चाहे बारिश हो या धूप, लोकतंत्र किसी का इंतजार नहीं करता।
ट्विटर यूजर्स को उनका यह अंदाज बहुत पसंद आया।
इससे पहले हैरिस ने 19 अक्टूबर से अपने चुनावी अभियान की दोबारा शुरुआत की। बीच में उनके स्टाफ के दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसकी वजह से उन्हें अपने अभियान पर रोक लगानी पड़ी थी। फ्लोरिडा में भाषण देते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य बहुत महत्वपूर्ण है और हो सकता है कि यहां के मतदाता ही राष्ट्रपति चुनाव का रुख तय करें।