न्यू यॉर्क। अमेरिका के ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार 23 मार्च को एक बड़ा हादसा हो गया। एयर कनाडा एक्सप्रेस का CRJ-900 विमान रनवे 4 पर उतरते वक्त एक फायर ट्रक से टकरा गया। इस टक्कर के बाद पूरे एयरपोर्ट पर सभी उड़ानों का संचालन तुरंत रोक दिया गया और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी गई।
यह विमान मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क आ रहा था। शुरुआती जानकारी और फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, लैंडिंग के दौरान ही विमान की फायर ट्रक से टक्कर हुई। घटना से ठीक पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल द्वारा पायलट और ग्राउंड वाहन को कई बार रुकने के निर्देश दिए गए थे लेकिन इसके बावजूद टक्कर हो गई।
यह भी पढ़ें:ग्वालियर में 30 फीसदी तक महंगे हुए ड्राईफ्रूट्स, पश्चिम एशिया में तनाव के चलते सप्लाई प्रभावित
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने पुष्टि की है कि हादसे के बाद एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। साथ ही सभी उड़ानों को रोक दिया गया है। अधिकारियों ने इसे आपात स्थिति बताते हुए कहा कि जांच पूरी होने तक संचालन बहाल नहीं किया जाएगा। एक सलाह में यह भी संकेत दिया गया कि एयरपोर्ट संभवतः 18:00 GMT तक बंद रह सकता है। हालांकि, अंतिम समयसीमा स्पष्ट नहीं है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुर्घटना के बाद का दृश्य देखा जा सकता है जिसमें विमान का अगला हिस्सा ऊपर उठा हुआ नजर आता है और यात्री इमरजेंसी गेट से बाहर निकलते दिख रहे हैं। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया।
यह भी पढ़ें:नर्मदापुरम में तीन मंदिरों में एक साथ चोरी, दान पेटी से लेकर चांदी का मुकुट तक ले उड़े चोर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, न्यू यॉर्क फायर डिपार्टमेंट के कम से कम पांच फायरफाइटर्स गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा विमान में सवार 100 से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर सामने आई है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक घायलों की अंतिम संख्या या नुकसान का पूरा आकलन जारी नहीं किया है।
घटना के बाद एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग (ARFF) समेत कई आपातकालीन टीमें मौके पर तैनात कर दी गई हैं। फिलहाल राहत कार्य जारी है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें:CG: खल्लारी माता मंदिर में टूटा रोपवे का केबल, 1 महिला की हुई मौत और 16 घायल