रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष तेज हो गया है। रूस लगातार रॉकेट्स से हमला कर रहा है। बढ़ते खतरे को देख भारत ने हफ्तेभर में दो बार अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर चुका है। जिसमें कहा गया है कि वे तत्काल यूक्रेन छोड़ दें। रूस की ओर से परमाणु हमले की आशंकाओं के बीच अब जो बाइडेन ने उसे चेतावनी दी है।

मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि यूक्रेन के साथ युद्ध में परमाणु हथियारों का इस्तेमाल एक गंभीर गलती होगी। पत्रकारों के सवाल के जवाब में बाइडेन ने कहा कि रूस एक अविश्वसनीय रूप से गंभीर गलती करेगा, अगर वह यूक्रेन के साथ युद्ध में सामरिक परमाणु हथियार का इस्तेमाल करता है।

यहां बाइडेन इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या रूस डर्टी बम या परमाणु हथियार तैनात करने की तैयारी कर रहा है। बाइडेन ने जोर देकर कहा कि 'मैं आपको गारंटी नहीं दे रहा हूं कि यह अभी तक एक फाल्स फ्लैग ऑपरेशन है। मुझें नहीं पता। लेकिन अगर ऐसा होता है तो यह एक गंभीर गलती होगी।'

यह भी पढ़ें: तत्काल यूक्रेन छोड़ दें सभी भारतीय नागरिक, बढ़ते रूसी हमलों के बीच भारत ने फिर जारी की एडवाइजरी

बता दें कि पिछले कुछ दिनों से यूक्रेन में न्यूक्लियर अटैक की आशंका बढ़ गई है और इसके पीछे कई वजहें हैं। सबसे पहली वजह रूसी सेना का अचानक बेलारूस की धरती का इस्तेमाल यूक्रेन से जंग में करना। माना जा रहा है कि रूस ने यह कदम परमाणु हमले को लेकर ही उठाया है।

दूसरी वजह ये भी है कि पिछले दिनों रूस ने यूक्रेन पर आरोप लगाया था कि वह अपनी ही धरती पर डर्टी बम का इस्तेमाल कर सकता है, लेकिन यूरोपीय देशों ने इस आरोप को खारिज कर दिया और माना जा रहा है कि उल्टा रूस परमाणु हमले की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा परमाणु हमले की आशंका इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि कई देश अचानक अपने नागरिकों को यूक्रेन छोड़कर फौरन निकलने की सलाह दे रहे हैं।

परमाणु हमले की धमकी देने वाला रूस एक बार फिर से परमाणु अभ्यास करने का ऐलान किया है। जिसका नाम है थंडर न्यूक्लियर एक्सरसाइज। रूस में इसे ग्रोम भी कहा जाता है। गौर करने वाली बात ये है कि 30 अक्टूबर तक अमेरिका और उसके सहयोगी देश भी न्यूक्लियर ड्रिल कर रहे हैं। दो महाशक्तियों की परमाणु ड्रिल ने यूक्रेन के लोगों को डरा दिया है।