तत्काल यूक्रेन छोड़ दें सभी भारतीय नागरिक, बढ़ते रूसी हमलों के बीच भारत ने फिर जारी की एडवाइजरी

8 अक्टूबर को कर्च ब्रिज पर हुए हमले के बाद यूक्रेन और रूस के बीच संघर्ष बढ़ गए हैं। हफ्तेभर में यह दूसरी बार है जब इंडियन एंबेसी को एडवाइजरी जारी करना पड़ा है।

Updated: Oct 26, 2022, 03:46 AM IST

रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध अभी भी जारी है और पिछले कुछ दिनों में रूसी हमले यूक्रेन में बढ़े हैं। भारत ने मंगलवार को यूक्रेन में रह रहे अपने नागरिकों के लिए पुनः दूसरी एडवाइजरी जारी करते हुए यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है। हफ्तेभर में यह दूसरी बार है जब एंबेसी को एडवाइजरी जारी करना पड़ा है।

इसके पहले 19 अक्टूबर को भारत ने एडवाइजरी जारी की थी और अपने नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा करने के खिलाफ चेतावनी दी थी। दरअसल, इस साल फरवरी और मार्च में जो छात्र यूक्रेन से भारत लौटे थे, उनमें से कई छात्र फिर से यूक्रेन चले गए थे। उनके लिए भी सरकार ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा था कि सभी छात्र अपनी सुरक्षा को देखते हुए तत्काल यूक्रेन छोड़ दें।

भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया, '19 अक्टूबर 2022 को दूतावास द्वारा जारी एडवाइजरी के क्रम में यूक्रेन में सभी भारतीय नागरिकों को तुरंत यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी जाती है। कुछ भारतीय नागरिक पहले की सलाह के अनुसार यूक्रेन छोड़ चुके हैं। सीमा पर यात्रा करने के लिए आवश्यक होने पर वे किसी भी सहायता के लिए निम्नलिखित नंबरों पर दूतावास से संपर्क कर सकते हैं- +380933559958, +380635917881, +380678745945। वे सीमा पार करने के लिए दूतावास की वेबसाइट की भी सहायता ले सकते हैं।'

इससे पहले भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षित कैसे यूक्रेन की सीमा पार करनी है, इसके लिए 5 विकल्पों पर जानकारी साझा की।दूतावास ने कहा कि सीमा पार करने वाले भारतीय नागरिकों को देश छोड़ने के दौरान काफी सुरक्षा सावधानी बरतनी चाहिए।