नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ का निधन हो गया है। पाकिस्तानी मीडिया और सेना ने मुशर्रफ़ की मौत की पुष्टि कर दी है। 

परवेज़ मुशर्रफ़ काफ़ी समय से बीमार चल रहे थे। वह अमाइलॉइडोसिस नामक बीमारी से पीड़ित थे।उन्होंने दुबई के एक अस्पताल में आज अंतिम सांसें ली। 79 वर्षीय पूर्व सैन्य तानाशाह पर राजद्रोह का आरोप था। 

पाकिस्तानी सेना की तरफ़ से मुशर्रफ़ ने 1965 और 1971 में भारत के ख़िलाफ़ युद्ध में भी हिस्सा लिया था। 1998 में आर्मी जनरल के बाद मुशर्रफ़ ने ही कारगिल में भारत के ख़िलाफ़ साज़िश रची थी। 

परवेज़ मुशर्रफ ने 2001 में पाकिस्तान में सैन्य तख्तापलट कर दिया और बाद में वे राष्ट्रपति के पद पर काबिज़ हो गए। मुशर्रफ़ अगस्त 2008 तक पाकिस्तान के राष्ट्रपति बने रहे। 

भले ही परवेज़ मुशर्रफ़ का जीवन पाकिस्तान में बीता लेकिन उनके पूर्वज भारत से ही पाकिस्तान गए थे। बंटवारे से पहले मुशर्रफ़ का परिवार पुरानी दिल्ली में रहा करता था। मुशर्रफ़ खुद चार साल की उम्र तक पुरानी दिल्ली में ही रहा करते थे।