अमेरिका में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय दूतावास स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेहद ही अपमानजनक बताया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना की घोर निंदा की है। गांधी जी की प्रतिमा को विकृत करने को लेकर अमेरिकी पुलिस जांच में जुटी हुई है। फिलहाल भारतीय दूतावास स्थित प्रतिमा को ठीक करने की प्रक्रिया जारी है।

गौरतलब है कि अमरीका में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लोयड की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। इसके बाद अमेरिका में शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन उग्र व हिंसक हो गया। 2 और 3 जून की दरमियानी रात को कुछ प्रदर्शकारियों ने वॉशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास के समीप महात्मा गांधी की प्रतिमा को विकृत कर दिया। भारतीय दूतावास ने इस घटना की घोर निंदा करते हुए जल्द से जल्द जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।

अमेरिका संसद में भी घटना की निंदा की गई

वॉशिंगटन में भारतीय दूतावास स्थित गांधी की प्रतिमा को विकृत किए जाने की घटना की अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में घोर निंदा की गई। इसके अलावा ट्रंप विक्टरी फाइनेंस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष किंबरले गुईइल्फॉयले ने भी इसे अपमानजनक बताया। तो वहीं उत्तरी कैलिफोर्निया से सांसद टॉम टिलीस ने भी इस घटनाक्रम की घोर निन्दा की। टिलिस ने कहा - ' महात्मा गांधी की प्रतिमा को विकृत देखना बेहद ही अपमानजनक है।'