पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। शुक्रवार तड़के पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांत में हवाई हमले किए। पाकिस्तान ने अपने सैन्य अभियान को ऑपरेशन 'गजब लिल-हक' नाम दिया है और खुली जंग का ऐलान कर दिया है। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसके हमले में 130 से अधिक तालिबान लड़ाके मारे गए हैं। वहीं तालिबान ने दावा किया है कि उसके हमले में पाकिस्तान के 55 सैनिक मारे गए हैं।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने पुष्टि की कि यह अभियान जारी है और कहा कि सशस्त्र बल अफगान तालिबान की आक्रामकता का कड़ा जवाब दे रहे हैं। आसिफ ने दावा किया कि इस ऑपरेशन में दो कोर मुख्यालय, तीन ब्रिगेड मुख्यालय, दो गोला-बारूद डिपो, एक लॉजिस्टिक बेस, तीन बटालियन मुख्यालय, दो सेक्टर मुख्यालय और 80 से अधिक टैंक, तोपें तथा बख्तरबंद वाहन नष्ट कर दिए गए हैं।
अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद के अनुसार, शुक्रवार सुबह पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया में हवाई हमले किए। काबुल में कम से कम तीन धमाके सुने गए। अफगानिस्तान ने कहा कि उसने गुरुवार देर रात पाकिस्तान पर सीमा पार हमला किया। यह कार्रवाई रविवार को अफगान सीमा क्षेत्रों पर हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में थी। अफगानिस्तान ने दावा किया कि उसने दर्जनभर से अधिक पाकिस्तानी चौकियां कब्जे में लीं।
अफगानिस्तान ने दावा किया कि 55 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, 19 चौकियां और दो बेस नष्ट किए गए, जबकि उसके 8 सैनिक मारे गए और 11 घायल हुए। पाकिस्तान ने अफगान हमले को “बिना उकसावे” का बताया और चौकियां कब्जे में लेने के दावे को खारिज किया। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि केवल 2 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और 3 घायल हुए, जबकि 36 अफगान लड़ाके मारे गए। प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ के प्रवक्ता ने दावा किया कि 133 अफगान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए।
हाल के वर्षों में पाकिस्तान में उग्रवादी हिंसा बढ़ी है। पाकिस्तान इसका आरोप टीटीपी और बलूच अलगाववादी संगठनों पर लगाता है। इस्लामाबाद का कहना है कि टीटीपी अफगानिस्तान से संचालित होता है, जबकि काबुल और संगठन इस आरोप से इनकार करते हैं। रविवार को पाकिस्तान ने सीमा पर हमले कर 70 उग्रवादियों को मारने का दावा किया था, जिसे अफगानिस्तान ने खारिज करते हुए कहा कि कई आम नागरिक, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे, मारे गए।