मध्यप्रदेश में कोरोना महामारी के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी संभालने वाले करीब 4 हजार डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के पास अब नौकरी नहीं हैं। इन कर्मचारियों की दोबारा नियुक्ति और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने का मुद्दा उठाते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में खाली पदों पर इन कर्मचारियों को प्राथमिकता देने सहित चार मांगें रखी हैं।
जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि कोरोना संक्रमण के सबसे कठिन दौर में प्रदेश के हजारों स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों का इलाज किया था। इनमें डॉक्टर, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, एएनएम और पैरामेडिकल स्टाफ शामिल थे। इन लोगों ने दिन-रात काम करते हुए संक्रमित मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया और स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
यह भी पढ़ें:भोपाल में प्रदूषण और ठंड से बढ़ी रेस्पिरेटरी मरीजों की संख्या, रोज 2000 लोग पहुंच रहे अस्पताल
हालांकि, महामारी का असर कम होने के बाद इन कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई। इसके चलते करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया। जयवर्धन सिंह के मुताबिक, प्रभावित कर्मचारियों में कई ऐसे हैं जिनके परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी नौकरी से मिलने वाली आय पर निर्भर थी। सेवा समाप्त होने के बाद से उन्हें आर्थिक तंगी के साथ पारिवारिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है।
जयवर्धन सिंह ने मांग की है कि कोरोना काल में काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त किया जाए। इस दौरान उनके पुराने कार्य अनुभव, शैक्षणिक योग्यता और महामारी के समय दी गई सेवाओं को नियुक्ति का आधार बनाया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जब तक इन कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं होती तब तक उनके परिवारों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत होने वाली आगामी भर्तियों में भी कोरोना काल में सेवाएं दे चुके अनुभवी कर्मचारियों को विशेष प्राथमिकता देने की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें:वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज डबल सेंचुरी ठोकी
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष जयवर्धन सिंह ने मुख्यमंत्री से इन कर्मचारियों की स्थिति पर संवेदनशीलता से विचार करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि संकट के समय स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार को सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। इससे करीब 4 हजार स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा रोजगार मिलने के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिल सकेगा।