मुंबई। सोमवार की गिरावट के बाद बुधवार सुबह दलाल स्ट्रीट पर जोरदार वापसी हुई है। सेंसेक्स करीब 2000 अंक चढ़कर 84,400 के स्तर के पार पहुंच गया है। निफ्टी में भी 550 अंक की तेजी है, यह 25,900 के स्तर पर है।
सेंसेक्स पिछली बार 5 नवंबर को एक कारोबारी दिन में 2,000 अंक से ज्यादा चढ़ा था। इससे पहले 3 फरवरी 2026 को सेंसेक्स 2,072.67 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था। उस दिन कारोबार के दौरान यह 4,205 अंक तक उछला था।
वहीं आज IT और प्राइवेट बैंक शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी है। इंफोसिस, ICICI बैंक, HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में करीब 3.5% तक की तेजी है बैंकिंग, रिलायंस और आईटी शेयरों में मजबूत खरीदारी ने ही बाजार को नई रफ्तार दी है।
पिछले कारोबारी सत्र (सोमवार) में सेंसेक्स करीब 1,484 अंक और निफ्टी 451 अंक टूट गया था। मंगलवार को बाजार बंद रहने के बाद बुधवार को निवेशकों ने निचले स्तरों पर गुणवत्ता वाले लार्ज-कैप शेयरों में जमकर खरीदारी की, जिससे बाजार ने सोमवार के लगभग पूरे नुकसान की भरपाई कर ली।