भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीबों को बांटे जाने वाले राशन में गेंहू की मात्रा कम करके बाजरा बांट रही है। कांग्रेस ने इसके विरोध में भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पूर्व मेयर विभा पटेल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता और अंत्योदय योजना के हितग्राही भी मौजूद रहे।



कांग्रेस के इस प्रदर्शन में शामिल महिलाएं बाजरे की रोटी लेकर प्रदर्शन करने पहुंची थीं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राशन दुकान के सामने धरना देकर राज्य सरकार खिलाफ नारे लगाए और हितग्राहियों के गेहूं में कटौती करके बाजरा दिए जाने का विरोध भी किया। दरअसल प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बाजरा शामिल किया है। अब राशन दुकानों से अंत्योदय राशन कार्ड धारियों को 10 किलो बाजरा बांटा जाएगा। जबकि दूसरे राशनकार्डधारी परिवारों के हर सदस्य को 2 किलो बाजरा मिलेगा। अंत्योदय परिवारों का गेहूं कम करने का विरोध किया जा रहा है।





अंत्योदय कार्डधारियों को 35 किलोग्राम राशन मिलता है, जिसमें 30 किलो गेहूं, 5 किलो चावल देने का प्रावधान था। अब नए आदेश के अनुसार अंत्योदय परिवारों को 20 किलो गेहूं के साथ 10 किलो बाजरा दिया जाएगा और 5 किलो चावल बांटा जाएगा। जबकि अन्य कार्डधारियों के परिवार के हर सदस्य को हर महीने 2 किलो बाजरा मिलेगा। पहले हर सदस्य को 4 किलो गेहूं और एक किलो चावल मिलता था। गेहूं की इसी कटौती का कांग्रेस विरोध कर रही है।