नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया है। रविवार को भाजपा के पार्लियामेंट्री बोर्ड के इस फैसले की जानकारी राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी। कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन 45 साल के हैं और पटना की बांकीपुर सीट से विधायक हैं।

दरअसल, साल 2024 लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था। तब से नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश की जा रही थी। नड्डा 2020 में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए थे। बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष उनका कार्यकाल जून 2024 को खत्म हो चुका है। तब से वे एक्सटेंशन पर थे। बहरहाल, नितिन नबीन नए अध्यक्ष का चुनाव होने तक पार्टी का कमान संभालेंगे।

नितिन नवीन के पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भाजपा के मजबूत नेता थे। उनके निधन के बाद जब उपचुनाव हुआ, तब जनता ने उसी परिवार के बेटे पर भरोसा जताया। यही वह क्षण था जहां नितिन नवीन की राजनीतिक यात्रा शुरू हुई। उसके बाद जो हुआ, वह बिहार की राजनीति का एक चमकता हुआ अध्याय बन गया। बांकीपुर सीट से वह लगातार चार बार जीतते रहे। सड़क निर्माण मंत्री के रूप में उनकी पहचान एक युवा, ऊर्जावान और काम करने वाले नेता की बनी है। उनकी नियुक्ति के बाद भाजपा के पटना मुख्यालय में जश्न का माहौल है। उनके समर्थक लगातार आतिशबाजी कर रहे हैं।