इंदौर। मध्य प्रदेश में बारिश का दौर लगातार जारी है। राज्यभर में नदी नाले उफान पर हैं। इंदौर में पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त है। शुक्रवार को दोपहर बाद तेज बारिश शुरू हुई जो देर रात तक जारी रही। इस दौरान सिरपुर तालाब के पास अम्मार नगर में एक तीन मंजिला मकान ढह गया।
मकान गिरने का एक वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान बच्चे और महिलाएं रोने लगी। मकान ढहने से कई मकानों में पानी घुस गया है। जो मकान गिरा है उसमें कितने लोग दबे या नाले में बहे हैं पता नहीं चल पाया है। घटना शाम की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके के करीब 150 घरों में पानी घुस गया। जिससे रहवासी देर रात तक परेशान होते रहे।
स्थानीय निवासी असलम खोकर ने बताया कि मकान सिरपुर तालाब के पास नाले के पास बना था। मकान गिरने के बाद लबालब सिरपुर का तालाब का पानी कॉलोनी के डेढ़ सौ से ज्यादा मकानों में घुस गया। जो मकान गिरा है उसमें तब लोग बाहर निकल चुके थे इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन यह मकान एक अन्य मकान के पिछले हिस्से पर गिरा तो उसकी छत गिर गई और यह मकान भी काफी क्षतिग्रस्त हो गया। कई महिलाएं और बच्चे रोने लगे।
कुछ समय बाद नगर निगम की टीम जेसीबी सहित अन्य संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचे और तालाब के जिस ओर से पानी आ रहा था उसे बंद करने का काम किया। जाेन 16 के जोनल अधिकारी निर्माता हिंडोलिया मौके पर पहुंचे और लोगों को पैनिक नहीं होने की अपील की है। काफी देर तक आपाधापी और लोगों में घबराहट रही। असलम के मुताबिक रात सवा 12 बजे तक तालाब से पानी का बहाव रुक गया। लेकिन, लोग परेशान होते रहे।
जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते शनिवार को जिले के सभी शासकीय अशासकीय, शिक्षण संस्थाओं में अवकाश रहेगा। कलेक्टर आशीष सिंह ने अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि 12वीं कक्षा तक के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी घोषित की गई है।