छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बरात लेकर आई गाड़ी कुएं में गिर गई। जिससे 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



महाराजपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी जेड वाई खान ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि मंगलवार को यूपी के महोबा जिले के स्वासा गांव से छतरपुर में बारात आई थी। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने के बाद यूपी लौट रहे थे। देर रात गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार पर थी, अंधेरा होने की वजह से ड्राइवर को कुआं नहीं दिखा। जिस वजह से गाड़ी कुए में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने कार में सवार लोगों को बचाने की कोशिश की। तीन लोगों को तो बचा लिया गया, जबकि  6 लोगों की मौत हो गई।





सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से गाड़ी को कुएं से बाहर निकला गया। 3 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर नज़दीकी सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है। मृतकों के शव सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मरने वालों की पहचान कर ली है।