सागर। मध्य प्रदेश के सागर की रहने वाली 6 वर्षीय अमायरा खान ने शतरंज की दुनिया में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। हाल ही में तमिलनाडु में आयोजित ग्रैंड मास्टर ओपन चेस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने गोवा के एक फिडे रेटेड खिलाड़ी को हराया और 1450 की अंतरराष्ट्रीय फिडे रेटिंग हासिल की। इसके साथ ही अमायरा ने गर्ल्स कैटेगरी में विश्व स्तर पर 13वां स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।

कम उम्र में हासिल की गई यह सफलता इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि जिस उम्र में बच्चे सामान्य खेलों में व्यस्त रहते हैं उस उम्र में अमायरा ने शतरंज जैसे रणनीतिक खेल में अपनी असाधारण क्षमता का प्रदर्शन किया है। अब तक वह 50 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन कर चुकी हैं।

यह भी पढ़ें:दिल्ली के पालम स्थित इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

अमायरा की शतरंज यात्रा महज तीन साल की उम्र से शुरू हुई थी। परिवार के अनुसार, उनके जन्मदिन पर दादा द्वारा उपहार में दिया गया चेस बोर्ड उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद वह नियमित रूप से अपने दादा के साथ खेलते हुए इस खेल की बारीकियां सीखने लगी थी। खेल खेल में विकसित हुई उनकी समझ और रणनीतिक सोच ने उन्हें बहुत कम समय में आगे बढ़ा दिया।

जब परिवार को उनकी प्रतिभा का एहसास हुआ तो उन्हें एक चेस एकेडमी में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया। वहां पेशेवर मार्गदर्शन मिलने के बाद उनके खेल में तेजी से निखार आया। महज चार साल की उम्र में ही अमायरा ने अपना पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला जीत लिया था। जिसके बाद उन्होंने लगातार सफलता की सीढ़ियां चढ़ना शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें:MP में मौसम ने ली करवट, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, 22 मार्च के बाद लौटेगी तेज गर्मी

आज अमायरा की उपलब्धि से न सिर्फ उनका परिवार बल्कि पूरा सागर जिला गर्व महसूस कर रहा है। परिजनों का कहना है कि उन्हें आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। परिवार का सपना है कि अमायरा भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करें और विश्व मंच पर देश का नाम रोशन करें।