दिल्ली के पालम स्थित इमारत में लगी भीषण आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

दिल्ली के पालम में बुधवार सुबह बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से तीन बच्चों समेत 9 लोगों की दर्दनाक मौत हुई। आग भूतल पर बनी दुकानों से शुरू होकर ऊपर तक फैल गई।

Updated: Mar 18, 2026, 02:05 PM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मरने वालों में 3 बच्चे भी शामिल हैं। जबकि, आग की वजह से कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना सुबह करीब 6:45 बजे पालम कॉलोनी स्थित मेट्रो स्टेशन के पास हुई जहां आग तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, आग एक फ्लैट से शुरू हुई और देखते ही देखते बेसमेंट से ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। जिस इमारत में आग लगी उसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चार मंजिलें हैं। बेसमेंट और भूतल पर कपड़ों, चूड़ी और मेकअप के सामान के गोदाम व दुकानें थी। जबकि, दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार के लोग रहते थे। बताया जा रहा है कि यह पूरी बिल्डिंग स्थानीय व्यापारी और मार्केट प्रधान राजेंद्र कश्यप की है जहां उनके परिवार के करीब 15 सदस्य रहते थे।

यह भी पढ़ें:MP में मौसम ने ली करवट, 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, 22 मार्च के बाद लौटेगी तेज गर्मी

घटना के समय इमारत में कई लोग फंसे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि एक ही परिवार के 9 से ज्यादा लोग अंदर फंसे थे। आग और धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ लोगों को जान बचाने के लिए इमारत से कूदना पड़ा जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद बिल्डिंग से घना धुआं निकलने लगा और लोग बालकनी में आकर मदद की गुहार लगाने लगे। स्थानीय लोगों ने पास की इमारत से दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की कोशिश भी की लेकिन धुएं और लपटों के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ लोगों का आरोप है कि दमकल की टीम को मौके पर पहुंचने और हाइड्रोलिक मशीन सक्रिय करने में देरी हुई थी। जिसकी वजह से बचाव कार्य काफी हद तक प्रभावित हुआ। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें:इंदौर में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, जिंदा जल गए 7 लोग, 3 अस्पताल में भर्ती

इस हादसे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के कद्धावर नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली के पालम में आग हादसे में कई लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह बेहद दुखद है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। सरकारों को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सुरक्षा और रोकथाम के उपायों को गंभीरता से लागू करना चाहिए।”